मेरठ. मेरठ के लोहिया नगर की जाकिर नगर कॉलोनी में 30 वर्षीय तालिब की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है. पत्नी इल्मा पर आरोप है कि उसने अपने प्रेमी अमन और उसके दोस्त की मदद से पति की हत्या कर दी और परिवार को गुमराह करने के लिए मौत की वजह हार्ट अटैक बताई. परिवार ने पहले इसे सामान्य मौत मानकर शव को मुजफ्फरनगर के पैतृक गांव में दफना दिया था. बाद में मोबाइल से मिली चैट के बाद परिवार को शक हुआ.
इसे भी पढ़ें- UP में आज 33 जिलों में बारिश का अलर्ट, ओले गिरने के आसार; 11 जिले बाढ़ की चपेट में
मौत के बाद मोबाइल कपड़ों के नीचे छिपाया
तालिब की 28 सितंबर को मौत हुई थी. इल्मा ने परिवार को बताया था कि काम से लौटने के बाद तालिब की अचानक तबीयत बिगड़ी और हार्ट अटैक से उसकी मौत हो गई. परिवार शव को गांव ले गया और 29 सितंबर को अंतिम संस्कार कर दिया. बाद में परिजनों को मौत की वजह पर संदेह हुआ. 1 अक्टूबर को तालिब का मोबाइल मांगे जाने पर इल्मा ने उसके बारे में जानकारी होने से इनकार कर दिया. तलाश करने पर मोबाइल कपड़ों के नीचे मिला.
चैट से पत्नी के दूसरे युवक से संबंध का शक
परिवार ने मोबाइल की चैट देखी तो तालिब और अमन के बीच बातचीत मिली. बताया गया कि तालिब ने अमन को अपनी पत्नी से बातचीत करने से मना किया था. इसके बाद परिजनों का शक इल्मा पर गहरा गया. परिवार के लोगों ने पूछताछ की तो इल्मा ने कथित तौर पर पति की हत्या की बात कबूल की. परिवार ने उसके कबूलनामे का वीडियो भी रिकॉर्ड किया है.
पत्नी ने बताई मारपीट की वजह
परिजनों के मुताबिक, इल्मा ने पूछताछ में दावा किया कि तालिब उसके साथ मारपीट करता था. उसके अनुसार 28 सितंबर को भी घर लौटने के बाद तालिब ने उसके साथ मारपीट की थी. इसके बाद उसने अमन को फोन कर घर बुलाया. आरोप है कि अमन अपने एक दोस्त के साथ पहुंचा और तीनों ने मिलकर तालिब को काबू किया. इल्मा के मुताबिक, इसी दौरान अमन ने उसकी चुन्नी से तालिब का गला दबाया.
इसे भी पढ़ें- 36 दिन का डिजिटल टॉर्चर! महिला को डराकर 1.78 करोड़ ठगने वाला मास्टरमाइंड गिरफ्तार, जानें पूरा मामला
कब्र से निकाला जाएगा शव
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने इल्मा और अमन के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है. परिवार ने तालिब का शव कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की है. सीओ कोतवाली संग्राम सिंह के मुताबिक, शव मुजफ्फरनगर में दफन है और उसे कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी. फिलहाल इल्मा पुलिस की निगरानी में है.

