लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मानसून की वापसी के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ली है. मंगलवार (6 अक्टूबर 2026) को प्रदेश के 33 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक, अलग-अलग हिस्सों में पूरे सप्ताह बारिश होने की संभावना है. इस दौरान तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका है.

इसे भी पढ़ें- 36 दिन का डिजिटल टॉर्चर! महिला को डराकर 1.78 करोड़ ठगने वाला मास्टरमाइंड गिरफ्तार, जानें पूरा मामला

8 जिलों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि

सोमवार शाम प्रदेश के करीब 8 जिलों में अचानक मौसम बदला. बाराबंकी, प्रतापगढ़, देवरिया और सुल्तानपुर में करीब 4 से 5 बजे के बीच तेज आंधी के साथ बारिश हुई और कई जगह ओले भी गिरे. किसानों के मुताबिक, धान और गन्ने की फसलों को नुकसान हुआ है. धान की करीब 20 फीसदी फसल प्रभावित होने का अनुमान किसानों ने जताया है.

अयोध्या में 70 किमी की रफ्तार से चली आंधी

अयोध्या में करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं. दिन में ही अंधेरा छा गया. आंधी-बारिश के कारण कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए. दुकानों के टीनशेड भी उड़ गए. वाराणसी में शाम करीब 5 बजे तेज आंधी के कारण तीन उड़ानों को लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा.

लखनऊ में गोमती का जलस्तर लगातार बढ़ा

बारिश के साथ प्रदेश के 11 जिले बाढ़ की चपेट में हैं. लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर लगातार सातवें दिन बढ़ रहा है. फैजुल्लागंज क्षेत्र के करीब 40 हजार घरों में 4 से 5 फीट तक पानी भरने की बात सामने आई है. मां चंद्रिका देवी और हनुमंत धाम परिसर भी पानी में डूब गए. लेटे हनुमान मंदिर के गर्भगृह तक पानी पहुंच गया है. करीब 20 साल बाद ऐसी स्थिति बनी है.

इसे भी पढ़ें- नाम बदला, चेहरा बदला, शहर बदला… पर पाप का साया नहीं! 28 साल बाद दोस्त के कातिलों का पर्दाफाश

गोंडा में नदी कटान से फसल बर्बाद

गोंडा में सरयू नदी का कटान तेज हो गया है. किसानों के मुताबिक, करीब 2 बीघा गन्ने की फसल नदी में समा गई. लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, निचले क्षोभमंडल में बनी द्रोणी और पुरवा हवाओं के बढ़े प्रवाह के कारण पूर्वी यूपी में मौसम सक्रिय हुआ है. मध्य क्षोभमंडल में पछुआ हवाओं के साथ इनके प्रभाव से बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं.