Meghalaya Politics: देश के पूर्वोत्तर राज्य मेघालय की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम हुआ है। मेघालय की प्रमुख क्षेत्रीय पार्टी UDP के 8 विधायक BJP में शामिल हो गए हैं। यूडीपी के 12 में से 8 विधायक दिल्ली पहुंचकर बीजेपी जॉइन की। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा की मौजूदगी में सभी ने भाजपा की सदस्यता ली। बीजेपी ज्वाइन करने से पहले सभी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। अमित शाह से कोयला खनन और संविधान की आठवीं अनुसूची में खासी भाषा को शामिल करने जैसे मुद्दों पर आश्वासन दिया था। इसके बाद सभी भाजपा में शामिल हो गए।
भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वाले आठ विधायक हैं – लखमेन रिम्बुई, पियूस मारवेइन, किर्मेन श्यल्ला, मायरालबोर्न सिएम, मैथ्यू कुर्बाह, ओलन सिंह सुइन, बालाजीद कुपर सिनरेम और सिनशर लिंगदोह थबाह हैं। इससे पहले पूर्व विधायक और UDP नेता डॉ. जेमिनो मावथोह 12 सितंबर को BJP में शामिल हुए थे।
UDP के 8 विधायक BJP में शामिल होने पर किरेन रिजिजू ने कहा, मेघालय के सभी आठ लोकप्रिय विधायक आज BJP परिवार में शामिल हो रहे हैं। यह न सिर्फ नॉर्थ-ईस्ट के लिए, बल्कि पूरे देश के लिए एक बहुत अहम राजनीतिक घटनाक्रम है। मैं अपने सभी दोस्तों, यानी मेघालय विधानसभा के चुने हुए आठ विधायकों का BJP परिवार में पूरे दिल से स्वागत करता हूं। वे पहले UDP से जुड़े थे, जो एक बहुत प्रमुख क्षेत्रीय पार्टी है। रिजिजू ने आगे कहा कि पिछले 12 सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर और मेघालय में हुई प्रगति और बदलाव, पूर्वोत्तर के लोगों के साथ नरेंद्र मोदी जी का दिल से जुड़ाव और जिस तरह से बीजेपी ने पूर्वोत्तर में विकास की राजनीति को बदला है। इन सब बातों से ये सभी आठों विधायक बहुत प्रभावित हैं और मोदी जी और हमारी BJP-नीत सरकार के कामकाज से काफी प्रेरित हैं।
पूर्वोत्तर बन रहा न्यू इंजन : संबित पात्रा
वहीं भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा कि 2014 से पहले कांग्रेस सरकार के लिए उत्तर-पूर्व का मतलब ‘नॉन-एग्जिस्टेंट’ यानी लगभग उपेक्षित क्षेत्र था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तर-पूर्व अब भारत के विकास का “न्यू इंजन” बन गया है। पात्रा ने दावा किया कि पिछले कुछ वर्षों में उत्तर-पूर्व में विकास, कनेक्टिविटी और राजनीतिक भागीदारी के क्षेत्र में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं।
विधानसभा में बदला राजनीतिक समीकरण, दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनी बीजेपी
UDP के 8 विधायकों के भाजपा में आने से राज्य की राजनीतिक तस्वीर बदल गई है। अब भाजपा मेघालय विधानसभा में नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP) के बाद दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। राजनीतिक विश्लेषक इसे उत्तर-पूर्व की राजनीति में भाजपा के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मान रहे हैं। 60 सदस्यों वाली मेघालय विधानसभा में BJP के दो विधायक थे। UDP के आठ विधायक BJP में शामिल हो गए हैं। जिससे BJP की संख्या बढ़कर 10 हो गई है।
‘इस्लाम सब धर्मों में श्रेष्ठ, सबको मस्जिद जाना चाहिए…’, कर्नाटक के शिक्षा मंत्री बसवराज रायरेड्डी का बयान, कहा- मक्का जाना चाहता हूं, BJP भड़की
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



