गर्मियों में खरबूजा लगभग सभी के घरों में खाया जाता है। पहले के समय में दादी-नानी सिर्फ फल ही नहीं, बल्कि उसके बीजों का भी पूरा इस्तेमाल करती थीं। खरबूजे के बीजों को धोकर धूप में सुखाया जाता था और बाद में इन्हें स्नैक की तरह खाया जाता था। आजकल ज्यादातर लोग इन बीजों को बेकार समझकर फेंक देते हैं, जबकि इन्हें “मगज” कहा जाता है और यह पोषण का खजाना माने जाते हैं। खासतौर पर महिलाओं की सेहत के लिए खरबूजे के बीज बेहद फायदेमंद साबित हो सकते हैं।
खरबूजे के बीजों में प्रोटीन, हेल्दी फैट, आयरन, जिंक, मैग्नीशियम, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। यही कारण है कि रोज सिर्फ 1 चम्मच बीज खाने से शरीर को कई जरूरी पोषक तत्व मिल सकते हैं।
महिलाओं के लिए क्यों फायदेमंद हैं खरबूजे के बीज?
शरीर में बढ़ाते हैं ताकत
महिलाओं में अक्सर कमजोरी और थकान की समस्या देखी जाती है। खरबूजे के बीज आयरन और प्रोटीन का अच्छा स्रोत हैं, जो शरीर को ऊर्जा देने में मदद करते हैं। नियमित सेवन से दिनभर एक्टिव महसूस किया जा सकता है।
स्किन को बनाते हैं ग्लोइंग
इन बीजों में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और विटामिन ई त्वचा को अंदर से पोषण देते हैं। इससे स्किन हाइड्रेट रहती है और प्राकृतिक चमक बनी रहती है। गर्मियों में होने वाली ड्रायनेस और डलनेस को कम करने में भी यह मददगार हो सकते हैं।
बालों के लिए फायदेमंद
खरबूजे के बीजों में जिंक और प्रोटीन पाए जाते हैं, जो बालों को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। रोजाना थोड़ी मात्रा में इनका सेवन करने से हेयर फॉल कम हो सकता है और बालों की ग्रोथ बेहतर हो सकती है।
हड्डियों को रखते हैं मजबूत
महिलाओं में उम्र बढ़ने के साथ हड्डियों से जुड़ी समस्याएं बढ़ने लगती हैं। इन बीजों में मौजूद मैग्नीशियम और कैल्शियम हड्डियों को मजबूत बनाने में सहायक होते हैं।
हार्मोनल हेल्थ को सपोर्ट
खरबूजे के बीजों में हेल्दी फैट और मिनरल्स होते हैं, जो महिलाओं के हार्मोन बैलेंस को बनाए रखने में मदद कर सकते हैं। पीरियड्स के दौरान होने वाली कमजोरी और मूड स्विंग्स में भी इससे राहत मिल सकती है।
कैसे करें सेवन?
आप खरबूजे के सूखे बीजों को सीधे खा सकते हैं। चाहें तो इन्हें हल्का भूनकर स्नैक की तरह खाएं या सलाद, स्मूदी और दही में मिलाकर भी सेवन कर सकते हैं। हालांकि, इसकी मात्रा सीमित रखना जरूरी है। रोज 1 चम्मच बीज पर्याप्त माने जाते हैं।
इस बात का रखें ध्यान
अगर किसी को नट्स या सीड्स से एलर्जी है, तो सेवन से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें। साथ ही किसी भी चीज का जरूरत से ज्यादा सेवन नुकसानदायक हो सकता है। छोटे-से दिखने वाले खरबूजे के बीज सेहत के लिए किसी सुपरफूड से कम नहीं हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

