उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज में 'मेरा पम्प ऐप' का शुभारंभ किया, जो पेट्रोल पंप डीलरों को अपने व्यापार की डिजिटल निगरानी करने में मदद करेगा। इस ऐप के जरिए डीलर किसी भी स्थान से ईंधन स्टॉक, मीटर रीडिंग, नकदी प्रबंधन और दैनिक रिपोर्ट जैसे कार्यों को एक क्लिक में संभाल सकेंगे।

सतीश सिंह, प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में पेट्रोल पंप कारोबार को डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को प्रयागराज में ‘मेरा पम्प ऐप’ का शुभारंभ किया। दावा किया गया कि यह ऐप पेट्रोल पंप डीलरों को अपने पूरे कारोबार की निगरानी मोबाइल फोन के जरिए कहीं से भी करने की सुविधा देगा।

डिजिटल अर्थव्यवस्था की दिशा में पहल

सिविल लाइंस स्थित होटल ब्लेसिंग्स इम्पीरिया में आयोजित कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ने कहा कि भारत तेजी से डिजिटल अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रहा है और ऐसे तकनीकी नवाचार छोटे-बड़े उद्यमियों के लिए कारोबार को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि ‘मेरा पम्प ऐप’ पेट्रोलियम रिटेल सेक्टर में डिजिटल बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है, जिससे डीलरों को कारोबार संचालित करने में काफी सुविधा मिलेगी।

एक क्लिक पर मिलेगी पूरी जानकारी

ऐप के संस्थापक और पेट्रोलियम क्षेत्र के वरिष्ठ विधिक सलाहकार संजय सचदेवा ने बताया कि चार दशक से अधिक समय तक पेट्रोलियम उद्योग में काम करने के अनुभव के आधार पर इस ऐप को विकसित किया गया है। उनका कहना था कि अब डीलर पेट्रोल पंप पर मौजूद रहे बिना भी बिक्री, ईंधन स्टॉक, टैंक डिप, मीटर रीडिंग, स्टॉक वेरिएशन, नकदी प्रबंधन, लाभ-हानि का विश्लेषण, दैनिक रिपोर्ट और लाइसेंस की वैधता जैसी महत्वपूर्ण जानकारियों पर एक क्लिक में नजर रख सकेंगे।

स्थानीय नवाचार और तकनीक का उदाहरण

कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने इसे स्थानीय स्तर पर विकसित नवाचार का बेहतरीन उदाहरण बताते हुए कहा कि ऐसे स्टार्टअप देश की तकनीकी क्षमता को नई पहचान दे रहे हैं। वहीं डॉ. कीर्तिका अग्रवाल ने कहा कि तकनीक तभी सफल होती है जब वह उद्यमियों का काम आसान बनाए और यह ऐप उसी दिशा में एक उपयोगी पहल है।

डीलरों की वास्तविक जरूरतों पर आधारित

प्रयागराज एवं कौशांबी पेट्रोलियम डीलर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रंजन सिंह ने कहा कि ऐप को डीलरों की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिससे कारोबार के संचालन और निगरानी में आसानी होगी। महासचिव संजय तिवारी ने इसे भविष्य की जरूरत बताते हुए कहा कि डिजिटल प्रबंधन ही पेट्रोलियम कारोबार की नई दिशा है।

कार्यक्रम में फाफामऊ विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पेट्रोलियम डीलर, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।