संजीत कबलाना ,झज्जर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “जलवायु कार्रवाई: हमारी धरती, हमारा भविष्य” थीम के तहत झज्जर में विशेष पौधारोपण एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अवसर पर उपायुक्त वर्षा खांगवाल ने लघु सचिवालय पार्क परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उनके साथ एसडीएम रवि मीणा ने भी पौधे लगाए।

उपायुक्त वर्षा खांगवाल ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि पृथ्वी की सुरक्षा और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ धरती और खुशहाल जीवन के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण के लिए जमीनी स्तर पर प्रयास करने चाहिए। पौधारोपण केवल प्रतीकात्मक कार्य नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक अमूल्य धरोहर है। लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है।

डीसी ने लोगों से स्वच्छ और हरित झज्जर के निर्माण में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सौर, पवन और जल ऊर्जा जैसे स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों को अपनाना समय की जरूरत है। साथ ही प्रदूषण और प्लास्टिक कचरे को कम करने के लिए भी सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी जिम्मेदारी भी स्वयं उठाए। पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाकर ही जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का प्रभावी मुकाबला किया जा सकता है।

पौधारोपण कार्यक्रम के बाद उपायुक्त ने स्वच्छता का संदेश देते हुए सड़क किनारे ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में सफाई अभियान में भी भाग लिया।

इस अवसर पर डीएफसी साहिती रेड्डी, डीआईपीआरओ दिनेश कुमार, हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी आशीष शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।