FIFA World Cup 2026 Final: फीफा वर्ल्ड कप 2026 अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। 19 जुलाई (रविवार) को भारतीय समयानुसार देर रात 12:30 बजे मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना और स्पेन के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। पूरी दुनिया की नजरें जहां चमचमाती विश्व कप ट्रॉफी पर होंगी, वहीं फुटबॉल प्रेमियों की निगाहें अर्जेंटीना के महान खिलाड़ी लियोनेल मेसी पर भी टिकी रहेंगी, जो अपने करियर का आखिरी विश्व कप खेल रहे हैं।

अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने के इरादे से मैदान में उतरेगा। अगर टीम खिताब बचाने में सफल रहती है तो वह इतिहास रच देगी। वहीं, मेसी के पास भी अपने शानदार करियर को यादगार बनाने का सुनहरा मौका होगा।
ट्रॉफी के साथ गोल्डन बूट और गोल्डन बॉल पर नजर
विश्व कप ट्रॉफी के अलावा मेसी की नजर इस टूर्नामेंट के दो सबसे प्रतिष्ठित व्यक्तिगत पुरस्कार गोल्डन बूट और गोल्डन बॉल पर भी होगी। अपने अंतिम विश्व कप में मेसी लगातार दूसरी बार ट्रॉफी उठाने से सिर्फ एक कदम दूर हैं, लेकिन इस बीच फ्रांस के स्टार स्ट्राइकर किलियन एम्बाप्पे उनके लिए बड़ी चुनौती बने हुए हैं।
गोल्डन बूट की रेस में कांटे की टक्कर

हालांकि फ्रांस की टीम सेमीफाइनल में स्पेन से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है, लेकिन गोल्डन बूट की दौड़ अभी खत्म नहीं हुई है। सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी को मिलने वाले इस पुरस्कार की रेस में लियोनेल मेसी और किलियन एम्बाप्पे दोनों ने अब तक 8-8 गोल किए हैं।
फीफा के नियमों के अनुसार यदि दो खिलाड़ियों के गोल बराबर रहते हैं तो असिस्ट (गोल कराने में योगदान) को टाई-ब्रेकर माना जाता है। इस मामले में मेसी फिलहाल बढ़त बनाए हुए हैं। उनके नाम 4 असिस्ट हैं, जबकि एम्बाप्पे ने 3 असिस्ट किए हैं।
तीसरे स्थान के मैच में एम्बाप्पे के पास मौका

फ्रांस की टीम रविवार देर रात इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे स्थान के लिए मुकाबला खेलेगी। यानी मेसी के फाइनल खेलने से पहले ही एम्बाप्पे मैदान पर उतरेंगे। यदि एम्बाप्पे इस मुकाबले में एक गोल करने में सफल रहते हैं तो वह गोल्डन बूट की रेस में मेसी से आगे निकल जाएंगे। वहीं, अगर वह दो गोल दाग देते हैं तो फाइनल से पहले मेसी पर दबाव और बढ़ जाएगा तथा उन्हें स्पेन के खिलाफ गोल करना लगभग जरूरी हो जाएगा।
ऑल-टाइम वर्ल्ड कप रिकॉर्ड पर भी खतरा

गोल्डन बूट ही नहीं, मेसी के ऑल-टाइम विश्व कप गोल रिकॉर्ड पर भी खतरा मंडरा रहा है। अर्जेंटीना के कप्तान ने अब तक विश्व कप में 21 गोल किए हैं, जबकि एम्बाप्पे के नाम 20 गोल दर्ज हैं। यदि फ्रांस के स्टार खिलाड़ी इंग्लैंड के खिलाफ दो बार गोल करने में सफल रहते हैं तो वह विश्व कप इतिहास में मेसी को पीछे छोड़ते हुए सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे।
इतिहास रचने का आखिरी मौका
फाइनल मुकाबला मेसी के करियर का सबसे यादगार मैच साबित हो सकता है। एक ओर उनके पास लगातार दूसरी बार विश्व कप ट्रॉफी जीतने का मौका है, तो दूसरी ओर गोल्डन बूट और गोल्डन बॉल जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कार भी दांव पर लगे हैं। हालांकि, इन उपलब्धियों के बीच किलियन एम्बाप्पे सबसे बड़ी चुनौती बनकर सामने खड़े हैं। ऐसे में फुटबॉल प्रेमियों की नजरें अब तीसरे स्थान के मुकाबले और उसके बाद अर्जेंटीना-स्पेन फाइनल पर टिकी रहेंगी, जहां कई बड़े रिकॉर्ड बन और टूट सकते हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

