हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा। शहर में मेट्रो के विस्तारित चरण का शुभारंभ कर दिया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने हरी झंडी दिखाकर मेट्रो सेवा की शुरुआत की।
कार्यक्रम में पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, विधायक, महापौर पुष्यमित्र भार्गव समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित अतिथियों ने बापट स्टेशन से गांधी नगर तक मेट्रो में सफर भी किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने इंदौर मेट्रो के विस्तार को शहर के विकास का नया अध्याय बताया।
अब आउटर नहीं, शहर के अंदर तक पहुंचेगी मेट्रो
इंदौर में मेट्रो का शुरुआती संचालन शहर के बाहरी हिस्से यानी गांधी नगर से सुपर कॉरिडोर क्षेत्र तक सीमित था। अब इसका दायरा बढ़ाकर शहर के भीतर तक पहुंचाया गया है।गांधी नगर से मालवीय नगर चौराहे तक करीब 17 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर मेट्रो सेवा शुरू की गई है। इस पूरे रूट पर कुल 16 स्टेशन बनाए गए हैं।
मेट्रो के नए रूट में गांधी नगर, सुपर कॉरिडोर-6, सुपर कॉरिडोर-5, सुपर कॉरिडोर-4, सुपर कॉरिडोर-3, सुपर कॉरिडोर-2, सुपर कॉरिडोर-1 भोरासाला चौराहा, MR10 चौराहा, आईएसबीटी चौराहा, हीरानगर चौराहा, मेघदूत गार्डन चौराहा, विजयनगर चौराहा और मालवीय नगर चौराहा शामिल हैं।
एयरपोर्ट कनेक्टिविटी को भी मिलेगा फायदा
इंदौर मेट्रो का यह विस्तार सिर्फ मौजूदा 17 किलोमीटर के रूट तक सीमित नहीं माना जा रहा है। भविष्य में नेटवर्क का विस्तार होने के साथ एयरपोर्ट और शहर के अन्य प्रमुख हिस्सों की कनेक्टिविटी भी मजबूत करने की योजना है।यानी आने वाले समय में इंदौर का मेट्रो नेटवर्क सिर्फ एक रूट नहीं, बल्कि शहर के अलग-अलग हिस्सों को जोड़ने वाले बड़े ट्रांसपोर्ट सिस्टम के रूप में विकसित करने की तैयारी है।
CM मोहन यादव बोले- अब लगातार बढ़ेगा मेट्रो का दायरा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि इंदौर मेट्रो का दायरा लगातार बढ़ रहा है। पहले मेट्रो आउटर एरिया में थी, लेकिन अब यह शहर के अंदर तक पहुंच रही है।उन्होंने कहा कि आज के बाद यह सिलसिला रुकने वाला नहीं है। आने वाले समय में मेट्रो के नए चरण जुड़ेंगे और नेटवर्क को और आगे बढ़ाया जाएगा।मुख्यमंत्री ने इंदौर से उज्जैन और पीथमपुर तक मेट्रो कनेक्टिविटी के भविष्य के लक्ष्य का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मेट्रोपॉलिटन सिटी के विकास में मेट्रो की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
CM ने इंदौर-मनमाड़ रेल लाइन का भी किया जिक्र
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने भाषण में इंदौर-मनमाड़ रेल लाइन को भी बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने करीब 18.5 हजार करोड़ रुपये की परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे इंदौर और पूरे मालवा क्षेत्र को महाराष्ट्र और मुंबई से सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।मुख्यमंत्री के मुताबिक भविष्य में उज्जैन, इंदौर और मनमाड़ के बीच कनेक्टिविटी का विस्तार क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगा।उन्होंने कहा कि इंदौर में मेट्रो का विस्तार केवल यातायात की परियोजना नहीं है, बल्कि यह विकास का नया अध्याय लिखने वाला प्रोजेक्ट है।
खट्टर ने बताया शहर के विकास के लिए बड़ी उपलब्धि
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इंदौर मेट्रो को शहर के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से विकास कर रहा है और मेट्रो जैसी परियोजनाएं शहरों की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ विकास को भी गति देती हैं।कार्यक्रम के दौरान खट्टर विधायक मधु वर्मा के नाम को लेकर कुछ देर के लिए असमंजस में भी नजर आए। उन्होंने मंच से पूछा कि उन्हें ‘श्री’ कहना है या ‘श्रीमती’, जिसके बाद विधायक मधु वर्मा को खड़े होकर स्थिति स्पष्ट करनी पड़ी।
6 सितंबर से आम यात्री कर सकेंगे सफर
मेट्रो के विस्तारित चरण का शुभारंभ हो चुका है। अब 6 सितंबर से आम यात्री टिकट लेकर इस रूट पर सफर कर सकेंगे।यानी गांधी नगर से मालवीय नगर तक का यह नया कॉरिडोर अब आम लोगों के लिए खुल जाएगा।मेट्रो प्रबंधन को उम्मीद है कि शहर के अंदर तक सेवा पहुंचने के बाद यात्रियों की संख्या और फुटफॉल में बढ़ोतरी होगी। इसके साथ ही शहर में सार्वजनिक परिवहन के इस्तेमाल को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इंदौर के लिए सिर्फ मेट्रो नहीं, भविष्य के बड़े नेटवर्क की शुरुआत
आज शुरू हुआ यह विस्तारित रूट इंदौर के परिवहन नेटवर्क में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। गांधी नगर से मालवीय नगर तक 17 किलोमीटर और 16 स्टेशन फिलहाल इसकी मौजूदा तस्वीर है, लेकिन सरकार की योजना इससे कहीं आगे की है।उज्जैन, पीथमपुर और एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी बढ़ाने की योजनाओं के साथ इंदौर मेट्रो को भविष्य के बड़े क्षेत्रीय नेटवर्क से जोड़ने की तैयारी है।यानी इंदौर में आज मेट्रो का सिर्फ एक नया रूट शुरू नहीं हुआ है, बल्कि शहर के आने वाले वर्षों के ट्रांसपोर्ट सिस्टम की दिशा भी तय होती दिखाई दे रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



