रोहतक। मुख्यमंत्री नायब सैनी की महम विकास रैली में तकनीकी खामी के चलते सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अधिकारी पर गाज गिरी है। रैली के दौरान मुख्यमंत्री के माइक में आई खराबी को लेकर मुख्यालय ने कड़ा संज्ञान लेते हुए डीआईपीआरओ संजीव सैनी को निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं।

भाषण के दौरान माइक बंद

घटना पांच अप्रैल की है, जब मुख्यमंत्री महम हलके में आयोजित विकास रैली को संबोधित कर रहे थे। मंच पर संचालन और स्थानीय नेताओं के संबोधन के लिए अलग माइक की व्यवस्था थी, जबकि मुख्यमंत्री के लिए विशेष माइक डिवाइस लगाया गया था। मुख्यमंत्री ने जैसे ही अपना भाषण शुरू किया, अचानक माइक ने काम करना बंद कर दिया। इस वजह से रैली में पीछे बैठे श्रोताओं तक आवाज नहीं पहुंच पा रही थी। अव्यवस्था बढ़ती देख लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसके बाद मुख्यमंत्री को दूसरे माइक का सहारा लेना पड़ा।

विभागीय जांच शुरू

इस तकनीकी चूक को गंभीरता से लेते हुए विभागीय जांच शुरू की गई थी। जांच प्रक्रिया के बाद बुधवार शाम को मुख्यालय ने डीआईपीआरओ संजीव सैनी के निलंबन के आदेश जारी कर दिए। दूसरी ओर, निलंबित अधिकारी संजीव सैनी का कहना है कि कार्यक्रम से पहले माइक की पूरी जांच की गई थी, लेकिन ऐन वक्त पर तकनीकी फाल्ट आने के कारण यह समस्या पैदा हुई। फिलहाल इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।