हेमंत शर्मा, इंदौर। अमेरिका की ओर से भारतीयों के वीजा को लेकर सामने आई नई पाबंदियों और सख्ती पर मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपने चिर-परिचित अंदाज में तंज कसा है। अमेरिका की नीति पर प्रतिक्रिया देते हुए विजयवर्गीय ने सीधे कोई राजनीतिक टिप्पणी करने से बचते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर कटाक्ष किया। उन्होंने हंसते हुए कहा- “हमारे ट्रंप फूफा सुबह क्या करेंगे, शाम को क्या करेंगे, किसी को नहीं पता।
”विजयवर्गीय ने आगे कहा कि अगर वह अभी कोई जवाब दे दें और शाम को ट्रंप अपना बयान बदल दें तो उनका जवाब ही गलत साबित हो जाएगा। इसलिए वह इस मुद्दे पर कोई जवाब नहीं देंगे।उनके इस बयान ने अमेरिका की बदलती नीतियों को लेकर उनकी नाराजगी और राजनीतिक अंदाज दोनों को सामने ला दिया।
शक्कर पर भी कैलाश की दो टूक ‘40 के ऊपर शक्कर बिल्कुल नहीं खाना चाहिए’
बच्चों के लिए नियंत्रित कीमत पर मिले, लेकिन बुजुर्गों को शक्कर से दूरी रखनी चाहिए अमेरिका के बाद कैलाश विजयवर्गीय ने शक्कर को लेकर भी अपनी बेबाक राय रखी। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि कई पत्रकार शायद मीठा नहीं खाते होंगे और यह अच्छी बात है।उन्होंने कहा कि शक्कर महंगी हो जाए तो उन्हें कोई परेशानी नहीं, लेकिन बच्चों के लिए शक्कर नियंत्रित कीमत पर उपलब्ध होनी चाहिए।विजयवर्गीय ने 40 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को शक्कर से दूरी बनाने की सलाह देते हुए कहा कि “40 के ऊपर शक्कर बिल्कुल नहीं खाना चाहिए।” उन्होंने गुड़ को शक्कर की तुलना में बेहतर विकल्प बताते हुए आयुर्वेद का भी हवाला दिया।
कविता पाटीदार के भावुक होने पर भी बोले कैलाश
बीजेपी की राष्ट्रीय मंत्री बनने के बाद कविता पाटीदार का मंच पर कैलाश विजयवर्गीय के पैर छूने और भावुक होने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इस पर विजयवर्गीय ने कविता के साथ अपने पुराने संबंधों को याद किया।उन्होंने बताया कि जब वह युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष थे, तब एक कार्यक्रम के सिलसिले में महू गए थे। उस दौरान स्वर्गीय भेरूलाल पाटीदार ने उन्हें अपने घर बुलाया था।विजयवर्गीय ने कहा कि उस समय कविता बहुत छोटी थीं और स्कूल जाती थीं। आज भी उन्हें कविता की वह तस्वीर याद है, जिसमें वह स्कूल का बस्ता लेकर चल रही थीं।उन्होंने कहा कि वही कविता आज बीजेपी की राष्ट्रीय मंत्री बनी हैं, यह सभी के लिए गर्व की बात है।
क्लीन इंदौर’ के बाद अब ‘ग्रीन इंदौर’ का मिशन
कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर में चल रहे पौधारोपण अभियान को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि दुनिया के सामने ग्लोबल वार्मिंग और पर्यावरण संरक्षण बड़ी चुनौती है और अब इंदौर को स्वच्छता के साथ हरियाली में भी आगे बढ़ना होगा।
उन्होंने कहा-“क्लीन तो हमने किया, अब ग्रीन करें
विजयवर्गीय के मुताबिक शहर के अलग-अलग हिस्सों में बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जा रहा है। सुपर कॉरिडोर क्षेत्र में भी हजारों पौधे लगाने की योजना है।उन्होंने बताया कि एक बड़े क्षेत्र में आज करीब 20 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य है, जबकि पूरी जगह पर भविष्य में एक लाख से ज्यादा पेड़ लगाए जा सकते हैं।
पेड़ नहीं पनपे तो एक के बदले 10 लगाने होंगे
सड़क चौड़ीकरण और विकास कार्यों के दौरान पेड़ों को दूसरी जगह लगाने के बावजूद उनके नहीं पनपने को लेकर विजयवर्गीय ने कहा कि ऐसी स्थिति में दोबारा पौधारोपण करना होगा।उन्होंने कहा कि एक पेड़ की जगह 10 पेड़ लगाने के निर्देश नगर निगम और IDA को दिए गए हैं।अमेरिका पर ‘ट्रंप फूफा’ वाला तंज, शक्कर पर 40 के बाद सख्त सलाह और फिर कविता पाटीदार की भावुक कहानी कैलाश विजयवर्गीय का बयान एक बार फिर अपने बेबाक और चुटीले अंदाज को लेकर चर्चा में है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


