अनमोल मिश्रा, सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले के कोठी में आयोजित जय हिंद गरबा महोत्सव में उस समय उत्साह और उमंग का माहौल और भी खास हो गया, जब मध्यप्रदेश शासन की राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में पहुंचीं राज्यमंत्री ने गरबा महोत्सव का आनंद लिया और प्रतिभागियों के साथ डांडिया नृत्य कर आयोजन की रौनक बढ़ाई।
कोठी के अमर शहीद ठाकुर रणमत सिंह स्टेडियम में आयोजित जय हिंद गरबा महोत्सव में पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने गरबा और डांडिया की शानदार प्रस्तुतियां दीं। संगीत की मधुर धुनों और डांडिया की खनक के बीच पूरा परिसर उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया। आयोजन में शामिल लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
मुख्य अतिथि राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी ने प्रतिभागियों के साथ डांडिया नृत्य कर उनका उत्साहवर्धन किया। राज्यमंत्री को अपने बीच डांडिया करते देख आयोजन में मौजूद लोगों में भी खासा उत्साह दिखाई दिया। उनकी सहभागिता ने कार्यक्रम को और आकर्षक बना दिया।
कोठी में पहली बार आयोजित जय हिंद गरबा महोत्सव बना आकर्षण का केंद्र
कोठी में पहली बार आयोजित जय हिंद गरबा महोत्सव ने धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकजुटता का सुंदर संदेश दिया।
आयोजन के माध्यम से भारतीय संस्कृति और पारंपरिक लोकनृत्य को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया। गरबा की थाप पर थिरकते प्रतिभागियों और दर्शकों के उत्साह ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया।
इस भव्य आयोजन के आयोजक डॉ. जितेंद्र सिंह गहरवार, डॉ. प्रभाकर सिंह गहरवार एवं डॉ. दिवाकर सिंह गहरवार रहे। उनके प्रयासों से कोठी में आयोजित जय हिंद गरबा महोत्सव ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई और स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

