कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। एक तरफ कांग्रेस ने दशहरा पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन करने की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं दूसरी ओर भाजपा ने इसे लेकर पलटवार किया है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए नकारात्मक बताया है।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, उनकी सोच ही सदैव नकारात्मक है। उनकी सोच देश को बनाने की नहीं, देश को नीचे दिखाने की है। लोकतंत्र को हाथ में लेकर संविधान को हाथ में लेकर घूमते रहते हैं लेकिन संविधान को कुचलना के लिए कोई मौका नहीं छोड़ते हैं। हमारे न्यायालय को टारगेट किया, देश की आर्मी को टारगेट किया, देश के राष्ट्रपति महोदय को टारगेट किया है। उन्होंने किसको टारगेट नहीं किया है। विदेश जाते हैं तो देश को नीचे दिखाने का काम करते हैं। देश जान चुका है, पहचान चुका है। एक बार नहीं बार-बार लेकिन कुछ लोग ऐसे होते हैं जो सीखना ही नहीं चाहते हैं।
देश के पहले टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन को लेकर भी मंत्री सिंधिया ने बयान दिया है। उन्होंने ग्वालियर में होने वाले शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद से यह दिन ग्वालियर को मिल पाया है। नागरिक विमानन मंत्री के रूप में 650 करोड़ का एयरपोर्ट रिकॉर्ड टाइम ने हमने निर्माण करके तैयार करवाया था। वैसे ही दूरसंचार मंत्री के रूप में मेरा दायित्व बनता है। प्रधानमंत्री के दिखाए हुए रास्ते पर पूरे देश में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग की योजना को हमने आगे बढ़ाया। उसी कड़ी में श्रीमंत माधवराव सिंधिया काउंटर मैग्नेट सिटी में टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जॉन जो पूरे देश में एक ही टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन ग्वालियर में स्थापित हो रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि उनके पिता की सोच सदैव यही थी कि यहां पर एक नवीन सिटी के रूप में काउंटर मैग्नेट के रूप में डेवलप किया जाए। 25 से 30 कंपनियां यहां आने वाली है। बहुत सारा निवेश होने वाला है। मुख्यमंत्री और हम दोनों मिलकर पूर्ण रूप से तैयारी तय कर रहे हैं। गृहमंत्री की उपस्थिति में यह कार्यक्रम होना है। अभी उनकी तिथि निर्धारित होनी है। पहले 29 अक्टूबर हमने निर्धारित की थी लेकिन अभी थोड़ा काम ग्राउंड लेवल पर होना बाकी है इसलिए आगामी नवंबर महीने में यह कार्यक्रम गृहमंत्री की उपस्थिति में होगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

