रायपुर। नवा रायपुर स्थित मंत्रालय एवं विभागाध्यक्ष कार्यालयों में कार्यरत हजारों अधिकारियों और कर्मचारियों को बड़ी राहत मिली है। छत्तीसगढ़ मंत्रालयीन कर्मचारी संघ के प्रयासों के बाद सरकार ने सिटी बस सेवा की अवधि छह माह के लिए बढ़ाने की मंजूरी दे दी है। इससे 1 नवंबर 2026 से बस सेवा बंद होने की आशंका दूर हो गई है। बस से कर्मचारियों का आवागमन जारी रहेगा।
दरअसल, रायपुर नगर निगम ट्रांसपोर्ट लिमिटेड के अंतर्गत संचालित सिटी बस सेवा की वर्तमान अनुबंध अवधि 31 अक्टूबर 2026 को समाप्त हो रही थी। इसके बाद कर्मचारियों को स्वयं आवागमन की व्यवस्था करने संबंधी पत्र जारी होने से उनमें चिंता की स्थिति बन गई थी। मंत्रालय में ई-ऑफिस प्रणाली और बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य होने के कारण बस सेवा बंद होने से शासकीय कामकाज प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही थी।
इस समस्या को लेकर छत्तीसगढ़ मंत्रालयीन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष चन्द्रकांत पाण्डेय ने मुख्य सचिव को पत्र सौंपकर बस सेवा की निरंतरता सुनिश्चित करने की मांग की थी। संघ की मांग पर सामान्य प्रशासन विभाग ने बस सेवा जारी रखने के लिए आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार, नई निविदा प्रक्रिया पूरी होने और नई व्यवस्था शुरू होने तक अथवा अधिकतम छह माह की अवधि तक, जो भी पहले हो, नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (एनआरडीए) को बस संचालन का अनुबंध बढ़ाने के लिए अधिकृत किया गया है। शासन ने 1 नवंबर 2026 से 30 अप्रैल 2027 तक प्रति बस पास की मासिक प्रस्तावित दर 3,066 रुपये निर्धारित करने की स्वीकृति भी दी है।

शासन ने बस सेवा की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर भी निर्देश दिए हैं। इसके तहत सभी बसों का नियमित तकनीकी निरीक्षण और मेडिकल चेकअप कराने, खराब बसों के स्थान पर तत्काल दुरुस्त बसें उपलब्ध कराने तथा चालकों और परिचालकों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया है। बस सेवा की अवधि बढ़ाए जाने पर मंत्रालयीन अधिकारियों और कर्मचारियों ने राहत जताई है। संघ ने इस निर्णय को कर्मचारियों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

