विजय कुमार, जमुई। जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक खबर सामने आई है, जहां शहर के महिसौड़ी चौक से तीन मनचलों द्वारा दो नाबालिग बहनों को अगवा करने और एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। पूरा मामला टाउन थाना क्षेत्र के एक गांव का है। इतना ही नहीं आरोपी युवक पर नाबालिग के साथ दुष्कर्म का लाइव वीडियो बनाकर उसे वायरल करने का भी आरोप है।
मामले में पीड़िता छात्रा के परिवार ने कल मंगलवार की शाम 6 बजे महिला थाना पहुंचकर और आवेदन देकर टाउन थाना क्षेत्र के हरला गांव निवासी फोकन पासवान के पुत्र मनीष कुमार व उसके अन्य दो सहयोगियों पर मुकदमा दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। घटना बीते 15 अप्रैल की बताई जा रही है।
छोटी बहन की धमकी देकर किया रेप
पीड़िता छात्रा की मां ने बताया कि, उनकी 15 वर्षीय बेटी अपनी छोटी बहन के साथ किताब लाने के लिए जमुई बाजार गई थी। किताब खरीदने के बाद दोनों बेटी अपने घर लौटने के लिए महिसौड़ी चौक पर पहुंची थी, तभी मनीष कुमार और उसके दो साथी दो बाइक से आए और पहले छोटी बेटी को जबरन पकड़कर गाड़ी पर बैठा लिया। उसके बाद धमकी देते हुए बड़ी बेटी को भी गाड़ी पर बैठाकर लखिसराय लेकर चला गया।
दुष्कर्म का वीडियो किया वायरल
आरोप है कि वहां बड़ी बेटी को एक होटल के ऊपर कमरे में ले जाकर मनीष कुमार द्वारा छोटी बहन को मारने की धमकी देते हुए दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। इस दौरान पीड़िता चिल्लाती रही और मनीष दरिंदगी करता रहा। इतना ही नहीं दुष्कर्म का लाइव वीडियो भी बना लिया गया। उंसके बाद किसी से बताने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई थी, जिस वजह से छात्रा किसी परिवार वालों को कुछ नहीं बताई थी। जब मनीष ने वीडियो वायरल किया तब परिवार वालों को घटना की जानकारी हुई।
पीड़िता के साथ छेड़खानी करता था आरोपी
परिजनों ने बताया कि जब छात्रा पढ़ने के लिए दूसरे गांव जाती थी, तो उक्त युवक मनीष कुमार द्वारा छेड़खानी भी की जाती थी। छात्रा की शिकायत पर दो बार मनीष कुमार के परिवार वालों से भी शिकायत की गई थी, लेकिन मनीष कुमार अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहा था और अब उसने दुष्कर्म की बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। परिजन ने न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपित मनिष कुमार और उसके दो सहयोगी युवकों पर कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी की मांग की है।
आरोपी की तलाश में छापेमारी
वहीं इस संबंध में एसपी विध्वजीत दयाल ने बताया कि, एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पीड़िता का मेडिकल जांच कराया जाएगा। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के सभी बिंदुओं पर बारीकी से अनुसंधान की जा रही है।
ये भी पढ़ें- बड़ी खबर: पटना में सुबह-सुबह एनकाउंटर, पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़

