मिर्जापुर में नो एंट्री के दौरान ट्रकों को पास कराने के लिए कथित तौर पर 500 रुपये वसूलने के मामले में तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है. एसपी अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर हुई जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद कार्रवाई की गई.

मिर्जापुर. नो एंट्री के दौरान ट्रकों को पास कराने के नाम पर कथित तौर पर 500 रुपये वसूलने के मामले में तीन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हुई है. पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने ट्रैफिक सिपाही तेजू यादव, बरकछा चौकी के सिपाही मो. अंसार और आशुतोष गौतम को निलंबित कर दिया है.

मामला देहात कोतवाली क्षेत्र में बरकछा रामटेक चौराहा स्थित पुलिस बूथ का है. आरोप है कि हाईवे के फ्लाईओवर के नीचे से गुजरने वाले ट्रकों को नो एंट्री में आगे बढ़ाने के बदले पुलिसकर्मी उनसे पैसे लेते थे.

वीडियो से सामने आया मामला

ट्रकों से कथित वसूली से परेशान एक ट्रक मालिक भोला सिंह ने इस पूरी गतिविधि का वीडियो बनाया. उन्होंने वसूली से जुड़े दो से तीन वीडियो तैयार कर 23 सितंबर को पुलिस अधीक्षक के व्हाट्सऐप नंबर पर भेजे.

वीडियो सामने आने के बाद एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने मामले को गंभीरता से लिया. उन्होंने सदर क्षेत्राधिकारी जटाशंकर मिश्र को प्रकरण की जांच सौंपी.

जांच में आरोप सही

जांच के दौरान ट्रकों से पैसे लेने के आरोप सही पाए गए. इसके बाद तीनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया.

शिकायतकर्ता के अनुसार, ट्रकों के खलासी पुलिस बूथ के भीतर जाकर रुपये रखते थे और इसके बाद वाहनों को आगे जाने दिया जाता था.

भ्रष्टाचार पर कार्रवाई की चेतावनी

एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने कहा कि अवैध वसूली की शिकायत मिलने पर तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार या किसी भी तरह का गलत काम बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

एसपी ने कहा कि आगे भी ऐसे मामलों में शामिल कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.