मिर्जापुर के अदलहाट थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव में शेषनाथ यादव उर्फ गोलू और उनकी बहन अनुष्का यादव की मौत हो गई. पुलिस के मुताबिक, भाई का शव कुएं में फंदे से लटका मिला, जबकि बहन ने भाई की मौत की खबर मिलने के बाद फांसी लगा ली और अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया.
मिर्जापुर. जिले के अदलहाट थाना क्षेत्र स्थित हाजीपुर गांव में शुक्रवार रात शेषनाथ यादव उर्फ गोलू की मौत हो गई. शनिवार सुबह उनका शव हनुमान मंदिर के पास एक कुएं में फंदे से लटका मिला. भाई की मौत की जानकारी मिलने के बाद उनकी बहन अनुष्का यादव ने भी फांसी लगा ली और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई.
सुबह मिला भाई का शव
चुनार की सीओ गायत्री यादव के अनुसार, शेषनाथ यादव उर्फ गोलू हाजीपुर गांव निवासी पहलवान रामाश्रय के बेटे थे और खुद भी पहलवानी करते थे. शुक्रवार रात उन्होंने हनुमान मंदिर के पास स्थित कुएं में फांसी लगा ली.
शनिवार सुबह जब अन्य पहलवानों ने उन्हें फंदे से लटका देखा, तो इसकी जानकारी परिवार को दी गई. शेषनाथ के पिता रामाश्रय ने बताया कि परिवार के सभी सदस्य रात में खाना खाने के बाद सोने चले गए थे. सुबह करीब 5 बजे उठने पर बेटे का शव कुएं में लटका मिला.
बहन की भी हुई मौत
परिजनों के मुताबिक, भाई की मौत की खबर सुनने के बाद अनुष्का यादव ने घर में फांसी लगा ली. परिवार के लोग उन्हें फंदे से उतारकर अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई.
पुलिस ने शुरू की जांच
सीओ गायत्री यादव ने बताया कि दोनों भाई-बहन की मौत के मामले में पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की जांच की जा रही है.

