कुंदन कुमार, पटना। बिहार की राजनीति में एक बार फिर गर्माहट आ गई है। राजद सांसद मीसा भारती के कल देर रात तक थाने में बैठकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की मांग करने के मामले पर सूबे के मंत्री श्रवण कुमार का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने विपक्ष के इस रुख को राजनीतिक स्टंट करार दिया है।
जनता सब देख रही है, विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं
मंत्री श्रवण कुमार ने दो टूक शब्दों में कहा कि कौन क्या कर रहा है और किस तरह की राजनीति कर रहा है, इसे बिहार की जनता भली-भांति देख रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मीसा भारती जिस घटना को लेकर शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंची थीं, उस मामले में प्रशासन ने पहले ही गंभीरता दिखाते हुए तुरंत कार्रवाई की है।
उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष के पास राज्य में विकास या जनहित का कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। यही वजह है कि वे हर छोटी-बड़ी बात को तूल देकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं। बिहार सरकार अपराध के मामलों पर शून्य टॉलरेंस की नीति अपना रही है और पुलिस हर घटना पर त्वरित संज्ञान लेकर सख्त कदम उठा रही है। इसके बावजूद विपक्ष राजनीति चमकाने के लिए इस तरह के हथकंडे अपना रहा है, जिसका जवाब जनता आने वाले समय में फिर से देगी।
मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विपक्ष के आंदोलन पर साधा निशाना
देशभर में विपक्षी पार्टियों द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ चलाए जा रहे आंदोलनों के सवाल पर मंत्री श्रवण कुमार ने विपक्ष पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।
उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि हाल ही में बिहार, बंगाल और कई अन्य राज्यों में चुनाव हुए हैं, जहां विपक्ष को भी जीत मिली है। लेकिन विपक्ष अपनी जीत वाले राज्यों की बात पर चुप्पी साध लेता है और केवल उन्हीं जगहों पर सवाल उठाता है जहां एनडीए की सरकार बनी है। इससे साफ जाहिर होता है कि देश में विपक्ष किस तरह की स्वार्थी और पक्षपाती राजनीति कर रहा है, जिसे देश और राज्य की जनता अच्छी तरह समझ चुकी है।


