इंद्रपाल सिंह, इटारसी। सिवनी मालवा में युवती के साथ छेड़छाड़ और उसे जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना में युवती के जीजा के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप है। शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपी हमीद शाह और चुन्नू मंसूरी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों आरोपियों को जेल रोड स्थित गाडरी मोहल्ले से घटनास्थल तक पैदल लेकर पहुंची। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकाला और घटनास्थल का निरीक्षण कराया।
पुलिस के मुताबिक, घटना 4 नवंबर की रात करीब 8 बजे की है। युवती अपने जीजा के साथ खेत में सिंचाई करने जा रही थी। इसी दौरान खेराती चौक स्थित पानी की टंकी के पास हमीद शाह और चुन्नू मंसूरी ने उन्हें रोक लिया। दोनों आरोपी खेराती चौक के निवासी बताए जा रहे हैं। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने पहले युवती के जीजा के साथ विवाद करते हुए मारपीट की। इसके बाद युवती को जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास किया और उसके साथ अशोभनीय हरकत की। युवती ने विरोध करते हुए मदद के लिए आवाज लगाई।
उसकी आवाज सुनकर वहां से गुजर रहे राहुल लौवंशी और नीलेश गौर मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करते हुए आरोपियों को रोकने का प्रयास किया। लोगों के हस्तक्षेप के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद युवती अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। गुरुवार सुबह पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायालयीन प्रक्रिया के तहत जेल भेजा जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

