कैथल। हरियाणा के कैथल जिले में दुसेरपुर गांव के पास एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां रात के समय एक युवक का रास्ता रोककर बदमाशों ने हवाई फायरिंग की और उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत के बाद गुहला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सड़क पर गाड़ियों से घेराबंदी

पीड़ित युवक गुरमेज सिंह राणा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 21 जुलाई की रात लगभग 10 बजे अपने दफ्तर से घर लौट रहा था। जब वह शारदा स्कूल के पास पहुंचा, तो सड़क पर 4 बड़ी गाड़ियां और 2 थार खड़ी थीं। उसके वहां पहुंचते ही आरोपियों ने 4 बार हवा में गोलियां चलाईं। इसके बाद एक तेज रफ्तार गाड़ी ने उसकी कार के आगे आकर रास्ता बंद कर दिया।

पंप पर बनाई वीडियो

गाड़ी के शीशों पर काली फिल्म लगी होने के कारण उसमें बैठे लोगों की गिनती का पता नहीं चल सका। डर के मारे युवक ने अपनी गाड़ी पास के एक पेट्रोल पंप पर खड़ी कर दी। तभी एक काले रंग की थार गाड़ी उसके पास आकर रुकी। जब युवक ने हिम्मत दिखाकर मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया, तो आरोपी धमकी देते हुए अपनी गाड़ियां लेकर तेजी से फरार हो गए।

पुलिस की जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम हरकत में आ गई। जांच अधिकारी ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और गवाहों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m