पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला में एमडीसी इलाके में हुए चर्चित जूस विक्रेता कपिल हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी विवेक को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बस से पहले अंबाला पहुंचा और फिर ट्रेन पकड़कर ऋषिकेश भाग गया था। हालांकि भागने के दौरान की गई एक गलती ने उसे पुलिस की गिरफ्त में पहुंचा दिया।

समझौता बैठक में शुरू हुआ खूनी संघर्ष

यह पूरी घटना गुरुवार रात लगभग 9 बजे एमडीसी में सकेतड़ी रोड के पास एक पार्क में हुई थी। पुरानी दुश्मनी को खत्म करने के लिए दोनों पक्षों के बीच एक समझौता बैठक बुलाई गई थी। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में विवाद बहुत बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। इसी बीच आरोपी पक्ष ने कपिल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमले कर दिए। इस हमले में कपिल का साथी अभिषेक भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

एक गलती से लोकेशन हुई ट्रेस

पंचकूला मर्डर केस का मुख्य आरोपी वारदात के बाद लगातार अपनी जगह बदल रहा था। ऋषिकेश में छिपे होने के दौरान वह बार-बार अपना वॉटसऐप चेक कर रहा था। इसी दौरान पुलिस की विशेष टीम ने उसकी लोकेशन का पता लगा लिया। स्थान की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत छापेमारी की और आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है।

अस्पताल में हुई मौत और पुलिस जांच

घटना के वक्त वहां से गुजर रही डायल 112 पुलिस गाड़ी ने घायल कपिल को तुरंत सेक्टर 6 के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल का इलाज अभी चल रहा है। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ करके घटना में शामिल अन्य आरोपियों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m