चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में अपराध पर लगाम नहीं लग रही है। इसी से जुड़ा एक मामला सामने आया है जहां राजेंद्र नगर के चोईथराम मंडी के कर्मचारियों पर शराबियों ने हमला बोल दिया। शराब के लिए रुपए न देने पर मारपीट के बाद बदमाशों ने उन्हें चाकू मार दिया। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस घटना में कुछ युवकों ने मंडी में काम करने वाले कर्मचारियों पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। घटना में चार लोग घायल हुए हैं जिनका इलाज जारी है।
दरअसल, इंदौर की चोइथराम सब्जी मंडी के चार कर्मचारी देर रात जैसे ही काम खत्म कर मंडी से बाहर निकल रहे थे। तभी अज्ञात चार बदमाशों ने उनसे पैसे की मांग करनी शुरू कर दी। जब कर्मचारियों ने पैसे न होने की बात कही, उन्होंने हाथापाई और मारपीट शुरू कर दी। घायलों का कहना है कि हमलावरों के पास चाकू भी था जिससे उन पर हमला किया गया है।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा। जांच में भी सामने आया कि हमले में चाकू का भी इस्तेमाल किया गया है जिससे एक कर्मचारी को गंभीर चोटें आईं है। पुलिस ने वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से आरोपियों की पहचान कर ली है और उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
फिलहाल पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि नशे में की गई यह हरकत न सिर्फ गंभीर अपराध है बल्कि क्षेत्र में डर फैलाने की कोशिश भी प्रतीत होती है। पुलिस ने जल्द आरोपियों को पकड़ने का भरोसा दिलाया है।

