Miss Globe India: गुलाबी नगरी जयपुर की निहारिका राठौड़ ने द मिस ग्लोब इंडिया का खिताब अपने नाम कर लिया है। इसके साथ ही वह राजस्थान की पहली प्रतिभागी बन गई हैं, जिन्हें प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय ब्यूटी पेजेंट द मिस ग्लोब में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। अब निहारिका थाईलैंड के फुकेट में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत की ओर से हिस्सा लेंगी। यहां अलग-अलग देशों की प्रतिभागियों के बीच मुकाबला होगा।

LLB की पढ़ाई के साथ मॉडलिंग का सफर

निहारिका जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से LLB प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही हैं। पढ़ाई के साथ उन्होंने फैशन और सौंदर्य प्रतियोगिताओं के क्षेत्र में भी अपना सफर जारी रखा। उनके पिता अजीत सिंह राठौड़ प्रॉपर्टी व्यवसाय से जुड़े हैं। उनकी माता मीनाक्षी राठौड़ गृहिणी हैं। निहारिका के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का सफर आसान नहीं रहा। इससे पहले उन्होंने ‘मिस राजस्थान’ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। पैर में चोट लगने के कारण वह उस प्रतियोगिता में अपनी अपेक्षित पोजीशन हासिल नहीं कर पाईं। इसके बावजूद उन्होंने इसे अपने सफर की रुकावट नहीं बनने दिया। निहारिका ने लगातार प्रयास जारी रखा और खुद को बेहतर करने पर काम किया।

मिस फ्यूजन इंडिया से मिली नई राह

मिस राजस्थान के बाद निहारिका ने ‘मिस फ्यूजन इंडिया’ के मंच से अपने सफर को आगे बढ़ाया। इसी मंच के जरिए उन्हें ‘द मिस ग्लोब’ जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि पिछली असफलता के बाद भी उन्होंने अपना आत्मविश्वास बनाए रखा और लगातार खुद को बेहतर करने पर ध्यान दिया।

फुकेट में दिखेगी भारतीय संस्कृति की झलक

अब निहारिका थाईलैंड के फुकेट में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए तैयारी कर रही हैं। जयपुर में उनके लिए अलग-अलग राउंड की तैयारियां चल रही हैं। उनके मेंटोर और मिस ग्लोब इंडिया के आयोजक योगेश मिश्रा के अनुसार प्रतियोगिता के लिए नेशनल कॉस्ट्यूम, गाउन राउंड और अन्य प्रस्तुतियों पर विशेष काम किया जा रहा है। इन परिधानों के जरिए भारतीय संस्कृति, राजस्थान की पारंपरिक विरासत और आधुनिक फैशन के फ्यूजन को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पेश करने की तैयारी है।

पर्सनैलिटी और स्टेज प्रेजेंस पर भी फोकस

प्रतियोगिता की तैयारियों में सिर्फ परिधानों को ही शामिल नहीं किया गया है। निहारिका की पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, स्टेज प्रेजेंस और कम्युनिकेशन स्किल्स पर भी काम किया जा रहा है। योगेश मिश्रा ने बताया कि ‘मिस फ्यूजन इंडिया’ में देशभर से आई प्रतिभागियों ने अलग-अलग राउंड में अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व का प्रदर्शन किया था। इसी दौरान निहारिका ने भी अपनी परफॉर्मेंस दी थी।

ग्रैंड फिनाले में हुआ था ताज का ऐलान

आयोजक के अनुसार मिस फ्यूजन इंडिया के ग्रैंड फिनाले में मिस ग्लोब इंडिया, मिस ओशियन इंडिया और मिस प्लैनेट इंडिया के खिताब के लिए चयन हुआ था। उस समय इन खिताबों को होल्ड कर दिया गया था। नियमों के तहत बुधवार को ‘मिस ग्लोब इंडिया’ के रूप में निहारिका राठौड़ के नाम का आधिकारिक ऐलान किया गया।

अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व

‘द मिस ग्लोब’ में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए निहारिका अब फुकेट जाएंगी। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दुनिया के अलग-अलग देशों से प्रतिभागी पहुंचेंगी। निहारिका की तैयारी में भारतीय संस्कृति और राजस्थान की पारंपरिक विरासत को भी प्रमुखता दी जा रही है। जयपुर के फैशन डिजाइनर्स उनके लिए प्रतियोगिता के अलग-अलग राउंड के परिधान तैयार कर रहे हैं।

द मिस ग्लोब से सुष्मिता सेन का भी जुड़ाव

द मिस ग्लोब प्रतियोगिता का भारतीय ब्यूटी पेजेंट से भी जुड़ाव रहा है। पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन के आई एम शी प्लेटफॉर्म के तहत भी पहले इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। अब निहारिका राठौड़ के अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने की तैयारी से जयपुर और राजस्थान के फैशन व ब्यूटी पेजेंट से जुड़े क्षेत्र को भी नई पहचान मिलने की उम्मीद है।

पढ़ें ये खबरें