रिजवान अंसारी, बुरहानपुर। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां के बलवार टेकरी क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए शव को ताप्ती नदी के किनारे श्मशान घाट की जमीन में गाड़ दिया। पुलिस ने मृतक के दो नाबालिग दोस्तों को हिरासत में लिया और उनकी निशानदेही पर शव बरामद किया।
ये भी पढ़ें : ओरछा में आग का तांडव: 16 मनिहारी दुकानें जलकर राख, कई परिवारों की रोजी-रोटी छिनी
गुमशुदगी की रिपोर्ट से खुला खौफनाक राज
SP आशुतोष बागरी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बुधवार को शिकारपुरा थाने में एक 19 साल के युवक चेतन की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। परिजनों से जानकारी मिली थी कि वह शाम को घर से निकला था लेकिन वापस नहीं लौटा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और तकनीकी मदद से चेतन की लास्ट लोकेशन ट्रेस की।
जांच में सामने आया कि चेतन आखिरि बार अपने दो दोस्तों के साथ दिखा था। पुलिस ने संदेह के आधार पर दोनों नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पहले वे पुलिस को गुमराह करते रहे। उन्होंने दावा किया कि चेतन उनके साथ टॉयलेट गया था और फिर वहां से कहीं और चला गया।
कड़ाई से पूछताछ में टूटा आरोपी, बताई हत्या की वजह
नाबालिगों के बयानों में अंतर होने पर जब पुलिस को शंका हुई तो सीएसपी गौरव पाटिल के नेतृत्व में उनसे दोबारा कड़ाई से पूछताछ की गई। इस दौरान एक आरोपी नाबालिग टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
आरोपी ने बताया कि चेतन के साथ पुराना आपसी मनमुटाव चल रहा था। इसी विवाद के चलते उसके सिर पर घातक वार किया। सिर पर गंभीर चोट लगने की वजह से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद हम डर गए और पहचान छिपाने के लिए शव को नाले के पास श्मशान घाट की जमीन में गड्ढा खोदकर गाड़ दिया।
श्मशान घाट पर उमड़ी भारी भीड़
आरोपियों की निशानदेही पर सीएसपी गौरव पाटिल पुलिस टीम के साथ तुरंत ताप्ती किनारे श्मशान घाट पहुंचे। वहां जमीन की खुदाई करवाकर चेतन का शव बाहर निकाला गया। दिनदहाड़े श्मशान घाट पर खुदाई और शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई।
ये भी पढ़ें : PhonePe में बैलेंस देखकर बिगड़ी नियत: पैसे के लालच में 14 साल के नाबालिग की निर्मम हत्या, 10 दिन बाद जंगल से बरामद हुआ कंकाल
पुरानी रंजिश समेत सभी एंगल से जांच शुरू
पुलिस ने शव को पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। एसपी आशुतोष बागरी के मुताबिक शिकारपुरा थाना पुलिस दोनों नाबालिगों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। हत्या में क्या कोई और भी शामिल था या इसके पीछे कोई और बड़ी वजह थी, पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है।

