चंडीगढ़। राजस्थान के सीकर शहर में एक होटल के अंदर चल रहे गाने के प्रमोशन इवेंट के दौरान जमकर हंगामा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि पुलिस को दखल देना पड़ा और हरियाणवी गायक मीता बरोदा सहित चार लोगों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, हरियाणवी सिंगर और एक्टर मीता बरोदा (अमित खासा) अपने नए गाने ‘बहू बावली’ के प्रमोशन के लिए सीकर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में स्थित होटल महक पहुंचे थे। इस इवेंट में बड़ी संख्या में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और यूट्यूबर्स भी शामिल हुए थे।
बिना अनुमति चल रहा था इवेंट, सोशल मीडिया की रंजिश आई सामने
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस बड़े प्रमोशन इवेंट के लिए प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली गई थी। कार्यक्रम के दौरान ही हरियाणवी सिंगर मीता बरोदा के गुट और राजस्थानी सिंगर पूजा डोटासरा के समर्थकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और हंगामा शुरू हो गया।
सूत्रों के अनुसार, विवाद की मुख्य वजह सोशल मीडिया पर काफी समय से चल रही कथित तकरार थी, जो इवेंट में इस बहस पर आकर फूट पड़ी कि ‘दोनों में से बड़ा सिंगर कौन है’।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
होटल में हंगामे और शांतिभंग होने की सूचना मिलते ही उद्योग नगर थाना प्रभारी राजेश कुमार बुडानिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत स्थिति को संभाला और माहौल खराब करने के आरोप में चार लोगों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार किए गए लोगों में मुख्य रूप से सोनीपत (हरियाणा) निवासी सिंगर मीता उर्फ अमित खासा (40) शामिल हैं। उनके अलावा पुलिस ने भीलवाड़ा के भैरू वैष्णव (23), सीकर के सांवरमल सुथार (22) और विष्णु सिंह (21) को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस फिलहाल मामले की आगे की जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

