MK Bhatia Diwali Gift : चंडीगढ़। दिवाली के मौके पर अक्सर कंपनियां अपने कर्मचारियों को मिठाई के डिब्बे या बोनस देती हैं, लेकिन ट्राइसिटी (चंडीगढ़-पंचकूला) में एक ऐसा दिलदार बॉस है, जो सीधे लग्जरी कारों की चाबियां सौंप रहा है। मित्स हेल्थकेयर के चेयरमैन और संस्थापक एम.के. भाटिया ने इस साल भी अपनी इस अनोखी परंपरा को जारी रखते हुए दिवाली पर कारों की बौछार कर दी है।

शानदार काम का शानदार इनाम

कंपनी के जिन कर्मचारियों ने पूरे साल जी-तोड़ मेहनत की और बिजनेस को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया, उन्हें एम.के. भाटिया ने इस बार दिवाली के बड़े तोहफे के रूप में ब्रांड न्यू कारें गिफ्ट की हैं। यह लगातार तीसरी बार है, जब उन्होंने अपने कर्मचारियों के चेहरों पर इस तरह मुस्कान बिखेरी है। पिछले सालों में भी वे बड़े पैमाने पर गाड़ियां गिफ्ट करके सुर्खियों में रहे हैं।

पद की कोई बंदिश नहीं, गार्ड भी चलाएगा कार

इस साल एम.के. भाटिया ने एक ऐसी नई और अनोखी पहल की है, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है। अब तक कार केवल शानदार परफॉर्मेंस देने वाले सीनियर या टॉप कर्मचारियों को ही मिलती थी, लेकिन इस बार उन्होंने एक ‘लकी ड्रॉ’ का आयोजन किया है। इस ड्रॉ में कंपनी का एक छोटा सिक्योरिटी गार्ड से लेकर बड़े से बड़ा अधिकारी तक शामिल हो सकता है। शर्त बस इतनी है कि कर्मचारी ने कंपनी में कम से कम 18 महीने की सेवा पूरी कर ली हो। इस पहल का सीधा मतलब यह है कि अब कंपनी की सुरक्षा करने वाला गार्ड भी अपनी खुद की कार का मालिक बन सकेगा।

फर्श से अर्श तक की प्रेरणादायक कहानी

आज करोड़ों की गाड़ियां गिफ्ट करने वाले एम.के. भाटिया की खुद की कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के रहने वाले भाटिया ने एक ऐसा दौर भी देखा है, जब वे भारी कर्ज और दिवालियापन के संकट से जूझ रहे थे। लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। साल 2015 में वे चंडीगढ़ आए और फार्मास्युटिकल सेक्टर में कदम रखा।

अपनी कड़ी मेहनत और सही रणनीति के दम पर आज वे एक या दो नहीं, बल्कि 12 सफल कंपनियों का साम्राज्य संभाल रहे हैं। उनका मानना है कि एक सफल बिजनेस के पीछे उसके कर्मचारियों का सबसे बड़ा हाथ होता है, और यही वजह है कि वे हर साल अपनी सफलता का जश्न स्टाफ के साथ इस अनोखे अंदाज में मनाते हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m