सुरेश पतरागिरी, बीजापुर। प्रदेश में रेत का कारोबार बेलगाम हो चला है. कोरिया जिले में रेत खनन को लेकर खेली गई खूनी होली के बाद प्रदेश के दूसरे छोर बीजापुर से भी रेत का उत्खनन का खेल सामने आया है, जहां माफिया देर रात तक मिनगाछल नदी का सीना चीर रहे थे. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने खेल पर लगाम लगाया.
यह भी पढ़ें : कोरिया कटगोड़ी हत्याकांड: भाजपा नेता लल्ला सिंह की हत्या के बाद जिला प्रशासन ने इलाके में लगाई धारा 163
मिनगाछल नदी पर रेत का अवैध उत्खनन का खेल लंबे समय से चल रहा है, लेकिन विभागीय अधिकारी-कर्मचारी कार्रवाई करने में असहाय नजर आ रहे हैं. आलम यह है कि माफिया दिन तो दिन रात में भी नदी का सीना चीरकर रेत का उत्खनन कर परिवहन कर रहे थे. इस बात की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक विक्रम मंडावी मौके पर पहुंचे. रेत उत्खनन करते हुए मशीनों का वीडिया बनाया. इसके बाद विभागीय अधिकारियों के साथ-साथ समीपस्थ नैमेड थाना के प्रभारी को मौके पर बुलाया. विधायक के फोन पर मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने मशीनों को जब्त करने के साथ-साथ जरुरी कागजी कार्रवाई की.
विधायक की सक्रियता के बाद बड़ा सवाल
अब लोग यह सवाल कर रहे हैं कि क्या विभागीय अधिकारियों का सूचना तंत्र इतना कमजोर है कि उन्हें नदी में रात में चल रहे रेत उत्खनन की भनक तक नहीं मिली? और अगर मिली थी तो आखिर कौन सी ऐसी मजबूरी थी कि कार्रवाई नहीं कर पा रहे हैं?
जानकार बताते हैं कि रेत के अवैध उत्खनन की विभागीय अधिकारियों को पूरी जानकारी थी, लेकिन सांसद के करीबी नेता के कारोबार में संलग्न होने के कारण कार्रवाई करने में अधिकारियों के हाथ-पांव फूल रहे हैं. कांग्रेस विधायक के मोर्चा खोलने के बाद अब आने वाले दिनों में अधिकारी ठोस कार्रवाई करने की हिम्मत जुटा पाएंगे, या फिर यह भी अन्य कार्रवाई की तरह फाइलों में ही सिमट कर रह जाएगा. लोगों को इस बात का इंतजार है.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

