अनमोल मिश्रा, सतना। चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की बदहाल स्थिति और निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं को लेकर बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार का गुस्सा फूट पड़ा। विधायक लोक निर्माण विभाग के कार्यालय पहुंचे और मुख्य अभियंता के सामने विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर जमकर नाराजगी जताई। 

उन्होंने आरोप लगाया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में पिछले चार वर्षों में करीब 1100 करोड़ रुपये की सड़कों को स्वीकृति मिली, लेकिन कई सड़कें बनने के साथ ही उखड़ गईं। जबकि कुछ सड़कें सिर्फ कागजों में बनकर तैयार हो गईं और जमीन पर काम दिखाई नहीं देता। 

विधायक ने लोक निर्माण विभाग के मझगवां एसडीओ अश्वनी निगम पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सड़कों की हालत लगातार खराब होती जा रही है और जिम्मेदार अधिकारी शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। विधायक ने विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग में पदस्थ कई अधिकारी-कर्मचारी विकास कार्यों से ज्यादा पैसे वसूलने पर ध्यान दे रहे हैं।

जब हम मर जाएंगे, तब सड़कें बनेंगी’

विधायक ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण सड़कें समय पर नहीं बन पा रही हैं. उन्होंने यहां तक कहा कि ‘जब हम मर जाएंगे, तब सड़कें बनेंगी.’ विधायक के इस बयान से विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर उनका दर्द और नाराजगी साफ नजर आई।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m