यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा का व्हाट्सएप अकाउंट साइबर अपराधियों ने हैक कर लिया है। विधायक ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदेश का जवाब न दें और पैसे ट्रांसफर न करें।

यमुनानगर। विधायक घनश्याम दास अरोड़ा का व्हाट्सएप अकाउंट हैक हो गया। हैकर ने उनके मोबाइल नंबर का इस्तेमाल करते हुए परिचितों और संपर्क सूची में मौजूद लोगों को मदद के नाम पर रुपए भेजने संबंधी संदेश भेज दिए। मामला सामने आने के बाद विधायक ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी तरह का आर्थिक लेन-देन नहीं करने की अपील की है।

जानकारी के अनुसार रविवार को विधायक के एक परिचित को उनके नंबर से पैसों की मदद मांगने वाला मैसेज मिला। संदेश की भाषा और अचानक पैसे मांगने पर संदेह होने के बाद परिचित ने सीधे विधायक से संपर्क किया। जांच में सामने आया कि विधायक का व्हाट्सएप अकाउंट साइबर अपराधियों ने हैक कर लिया है और उसी के जरिए लोगों को मैसेज भेजे जा रहे हैं।

मामले की पुष्टि होने के बाद विधायक और उनके निजी सहायक ने व्हाट्सएप स्टेटस व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को सतर्क किया। विधायक ने स्पष्ट किया कि उनके नंबर से भेजे जा रहे किसी भी संदेश का जवाब न दें और न ही किसी खाते में पैसे ट्रांसफर करें।

सूत्रों के अनुसार साइबर ठगों ने विधायक की संपर्क सूची में मौजूद कई अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सरकार से जुड़े लोगों को भी संदेश भेजे। कुछ मैसेज में तत्काल आर्थिक सहायता की मांग की गई थी। हालांकि समय रहते लोगों को जानकारी मिल जाने के कारण किसी के साथ ठगी होने की सूचना नहीं मिली है। विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने बताया कि मामले की सूचना संबंधित एजेंसियों और साइबर विशेषज्ञों को दे दी गई है। फिलहाल अकाउंट को सुरक्षित करने और हैकिंग के स्रोत का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।

पहले भी हो चुका है साइबर हमला यह पहला मामला नहीं है जब विधायक का सोशल मीडिया अकाउंट साइबर अपराधियों के निशाने पर आया हो। मई 2024 में उनका एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट भी हैक कर लिया गया था। उस दौरान अकाउंट से आपत्तिजनक पोस्ट साझा होने के बाद विवाद की स्थिति बन गई थी, जिसके बाद शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कराई गई थी।