बलांगीर। ओडिशा के बलांगीर जिले में हाल ही में हुए भारी बारिश के कारण नवनिर्मित छतामखना बांध (Chhatamakhana Dam) की सुरक्षा दीवार ढहने और क्षतिग्रस्त होने की घटना ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले पर बलांगीर के विधायक कलिकेश नारायण सिंहदेव ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को पत्र लिखकर निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग की है।
मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में विधायक कलिकेश सिंहदेव ने उल्लेख किया कि एक ही बड़ी बारिश में नवनिर्मित बांध की दीवार का ढह जाना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए संदेह जताया कि परियोजना में घटिया सामग्री और निम्न स्तर का काम किया गया है।
सिंहदेव ने मांग की है कि एक उच्चस्तरीय तकनीकी टीम द्वारा पूरे बांध का निरीक्षण किया जाए। यह जांचना बेहद जरूरी है कि क्या बांध का निर्माण स्वीकृत डिजाइन, सुरक्षा मानकों और टेंडर की शर्तों के अनुसार हुआ था या नहीं।
चुंकी मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के पास ही जल संसाधन विभाग का प्रभार है, इसलिए विधायक ने उनसे व्यक्तिगत रूप से हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है। उन्होंने आग्रह किया है कि एक निश्चित समय सीमा के भीतर इस घटना की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों तथा ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
विधायक ने भविष्य में बांध की मजबूती और आसपास के गांवों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। उन्होंने मांग की है कि जांच पूरी होने के साथ-साथ बांध की तत्काल प्रभाव से आवश्यक मरम्मत कराई जाए ताकि आगामी मानसून में स्थानीय लोगों के जान-माल को कोई खतरा न हो और बांध की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


