हेमंत शर्मा, इंदौर। फर्जी आर्म्स लाइसेंस मामले में कांग्रेस नेता और पूर्व पार्षद अनवर कादरी उर्फ ‘अनवर डकैत’ की गिरफ्तारी के बाद महू से भाजपा विधायक उषा ठाकुर का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने आरोपी का नाम लेकर उसके आपराधिक इतिहास और प्रशासनिक चूक पर पुलिस व सरकार के कदम का समर्थन करते हुए तीखा हमला बोला है।

संविधान और कानून सर्वोपरि

विधायक उषा ठाकुर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “अनवर डकैत” नाम ही उसके व्यक्तित्व और चरित्र का असली परिचय देता है। उन्होंने कहा कि देर से ही सही, लेकिन यह कार्रवाई यह साबित करती है कि देश और प्रदेश में कानून व संविधान सर्वोपरि है। असामाजिक और अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों पर हर हाल में लगाम लगाई जाएगी।

लव जिहाद और अवैध हथियार का मुद्दा

उषा ठाकुर ने कहा कि लव जिहाद की फंडिंग के साथ-साथ अब फर्जी लाइसेंस पर अवैध पिस्टल रखने का गंभीर मामला भी उजागर हो गया है। उन्होंने याद दिलाया कि इस गंभीर मुद्दे को उन्होंने विधानसभा में भी प्रमुखता से उठाया था।

प्रशासनिक चूक और राजनीतिक संरक्षण पर सवाल

कठुआ (जम्मू-कश्मीर) से फर्जी तरीके से जारी आर्म्स लाइसेंस की निगरानी न हो पाने को उन्होंने प्रशासनिक चूक करार दिया। साथ ही, उन्होंने जनप्रतिनिधियों द्वारा ऐसे अपराधियों को मिलने वाले संरक्षण पर भी चिंता जताई। उषा ठाकुर ने कहा कि जब जनप्रतिनिधियों का संरक्षण मिलता है, तभी अपराध पनपते हैं और ऐसे अपराधियों को शह मिलने का खामियाजा पूरे समाज को भुगतना पड़ता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m