शिखिल ब्योहार, भोपाल। विभिन्न राज्यों में हाल ही में संपन्न हुए विधान परिषद (MLC) चुनावों के परिणामों को लेकर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सियासी पारा पूरी तरह हाई हो गया है। चुनाव परिणामों की जीत-हार और ईवीएम-बैलेट की चर्चा के बीच बीजेपी और कांग्रेस के नेता आमने-सामने आ गए हैं। दोनों दलों के प्रवक्ताओं और नेताओं ने एक-दूसरे पर जमकर सियासी तीर छोड़े हैं।

ये भी पढ़ें: देवास शराब कांड में इंदौर कनेक्शन: कांग्रेस प्रवक्ता के बेटे की गिरफ्तारी के बाद गरमाई सियासत, बीजेपी और कांग्रेस में छिड़ा तीखा संग्राम

बीजेपी का हमला- ‘कांग्रेस हर जगह चकनाचूर हो गई’

राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल ने एमएलसी चुनाव के परिणामों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि चार राज्यों में हुए एमएलसी चुनावों में बीजेपी की स्थिति मजबूत रही है, लेकिन कर्नाटक में कांग्रेस पूरी तरह चकनाचूर हो गई है। जहां पहले हार थी, वहां आज भी कांग्रेस हारी है।

रजनीश अग्रवाल ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस का अब नया नारा हो गया है ‘पेपर हटाओ, कुछ दिन में कहेंगे चुनाव हटाओ, हमें जिताओ।’ उन्होंने गांधी परिवार पर हमला बोलते हुए कहा कि घमंड में चूर होकर राजनीति करने वाले लोग लोकतंत्र की परंपराओं को बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। देश को लोकतंत्र की जननी कहा जाता है, लेकिन कांग्रेस और उसका नेतृत्व लोकतंत्र से नफरत कर रहा है और एक बार फिर जनता के सामने बेनकाब हो गया है।

कांग्रेस का पलटवार- ‘मूल मुद्दों से भटका रही सरकार’

बीजेपी के इन हमलों पर पलटवार करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कुणाल चौधरी ने कहा कि बीजेपी को अपनी हार भी देखनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि बनारस में बीजेपी की हालत खराब हो गई और नागपुर में खुद बीजेपी हार गई, जहां कांग्रेस समर्थित सदस्य जीते हैं।

ये भी पढ़ें: MP में ‘एक पद, दो एसपी’ का अजीबोगरीब मामला, गृह विभाग के यू-टर्न के बाद अब ट्रांसफर पॉलिटिक्स पर छिड़ी सियासी जंग

कुणाल चौधरी ने स्पष्ट किया कि एमएलसी चुनाव आम जनता के डायरेक्ट वोटों से नहीं होते, बल्कि इनके चुनाव के तरीके अलग होते हैं। इन मामूली चुनावों पर जश्न मनाने के बजाय सरकार को देश के मूल मुद्दों पर बात करनी चाहिए। उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि अरुणाचल और मणिपुर के मुद्दों पर यह सरकार जवाबदेही नहीं ले रही है। देश की पूरी सरकार आंदोलन को कुचलने और फर्जी ट्वीट फैलाने में लगी है, जबकि इनका मुख्य काम देश की संप्रभुता को बचाना है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार को चीन को लाल आंखें दिखानी चाहिए, न कि अपनी ही देश की जनता को।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m