प्रयागराज के MNNIT में बीटेक छात्रा ने कंप्यूटर साइंस विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर पर पढ़ाई में मदद के बहाने घर बुलाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। छात्रा की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रयागराज. मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNNIT) में बीटेक की एक छात्रा ने कंप्यूटर साइंस विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर सौगतो राय पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है. छात्रा की शिकायत के आधार पर शिवकुटी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया है.

छात्रा के परिजनों ने कुछ समय पहले प्रयागराज दौरे के दौरान पढ़ाई में मदद को लेकर प्रोफेसर से बातचीत की थी. इसके बाद प्रोफेसर ने परिजनों को डिनर पर भी बुलाया था और बाद में छात्रा को पढ़ाई के सिलसिले में अपने आवास पर बुलाने लगा.

स्नैपचैट पर बातचीत

परिजन 6 अगस्त को वापस चले गए थे. इसके बाद आरोप है कि प्रोफेसर ने छात्रा के मोबाइल में स्नैपचैट डाउनलोड करवाया और देर रात पढ़ाई से जुड़े डाउट पूछने के बहाने उससे आपत्तिजनक बातें करने लगा.

कमरे में बुलाकर धमकी

आरोप के मुताबिक, 9 अगस्त को दोपहर करीब 1 बजे प्रोफेसर ने छात्रा को पढ़ाई के बहाने अपने कमरे में बुलाया. छात्रा का आरोप है कि कमरे में पहुंचने के बाद प्रोफेसर ने उसके हाथ पकड़ लिए.

छात्रा के विरोध करने पर उसे परीक्षा में फेल करने की धमकी दी गई. इसके बाद आरोप है कि प्रोफेसर ने उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

छात्रा की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया. थाना प्रभारी शिवकुटी वीरेंद्र सिंह यादव के मुताबिक, आरोपी प्रोफेसर सौगतो राय को गिरफ्तार कर लिया गया है.

पुलिस के अनुसार, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और मामले की गहनता से जांच जारी है। आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.