तनवीर खान, मैहर। बनारस से मैहर आ रही काशी एक्सप्रेस (15018) में शनिवार शाम चलती ट्रेन के दौरान यात्रियों के साथ मोबाइल छीनने की घटना सामने आई है। आरोप है कि मानिकपुर स्टेशन के आगे डबरा के पास ट्रैक किनारे खड़े एक व्यक्ति ने ट्रेन के बाहर से लोहे की रॉड मारकर यात्री का मोबाइल छीन लिया। घटना में एक युवक घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, वाराणसी निवासी पवन (24 वर्ष), पिता इंसाफ, अपने साथी राहुल पाल के साथ मैहर दर्शन के लिए आ रहा था। शनिवार शाम करीब 6 बजे मानिकपुर स्टेशन पार करने के बाद डबरा के पास यह घटना हुई। बताया जा रहा है कि ट्रेन के पास खड़े व्यक्ति ने लोहे की रॉड से हमला कर पवन के हाथ पर चोट पहुंचाई और मोबाइल लेकर फरार हो गया।
घटना में पवन के हाथ की दो उंगलियों में चोट आई है। मैहर पहुंचने के बाद उसके साथी राहुल पाल ने घायल को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया।
पीड़ित यात्री ने शनिवार रात करीब 8 बजे मैहर पहुंचकर जीआरपी थाने में घटना की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब घटना स्थल और आसपास के क्षेत्र से जुड़े संभावित सुरागों के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


