मोहाली. पंजाब में एक बार फिर से स्कूल को बम से उड़ने की धमकी मिली है. इस बार यह धमकी मोहाली के स्कूल में दी गई है,जिसके बाद अफरातफरी मच गई. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरत पालकों को इसकी सूचना दी हैं वहीं पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. स्कूल खाली करवाया गया जिससे किसी भी तरह की अनहोनी ना हो.

मोहाली में बुधवार को स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया. फेज-6 स्थित शिवालिक स्कूल को ई-मेल के जरिए धमकी मिलने की सूचना सामने आई है. खबर है कि धमकी ई-मेल के जरिए दी गई जिसके बाद स्कूल के शिक्षक और छात्रों में डर का माहौल नजर आया. धमकी मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सुरक्षा के मद्देनजर स्कूल में छुट्टी कर दी गई और छात्रों को परिसर से बाहर कर दिया गया. सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं, इसके बाद स्कूल परिसर के अंदर और आसपास के इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया.

अभिभावकों से की गई अपील

आपको बता दें कि मामले को लेकर एरिया डीएसपी ने अभिभावकों से घबराने की अपील की है. पुलिस अधिकारी ने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही हैं और जरूरी सुरक्षा कदम उठाए जा रहे हैं. वहीं, धमकी की खबर सामने आने के बाद बच्चों के अभिभावकों में चिंता का माहौल है.