हेमंत शर्मा, इंदौर। शहर में मोमोज खाने के शौकीनों को चौंका देने वाला मामला सामने आया है। C-21 मॉल के पीछे स्थित V-R-One रेस्टोरेंट में मोमोज में इल्लियां मिलने की शिकायत की गई है। ग्राहक का दावा है कि तैयार मोमोज में कथित तौर पर इल्लियां दिखाई दीं और जब उसने फ्रोजन मोमोज की बास्केट देखी तो उसमें भी इल्लियां नजर आईं।अगर शिकायत जांच में सही पाई जाती है तो यह सिर्फ खाने की गुणवत्ता का मामला नहीं, बल्कि ग्राहकों की सेहत के साथ गंभीर लापरवाही का सवाल होगा।

मोमोज में इल्लियां दिखीं तो ग्राहक ने बनाया वीडियो

शिकायतकर्ता के मुताबिक रेस्टोरेंट में मोमोज खाने के दौरान उसे उनमें कथित तौर पर इल्लियां दिखाई दीं। उसने मौके की तस्वीरें और वीडियो भी बनाए।ग्राहक का आरोप है कि उसने रेस्टोरेंट संचालक और कर्मचारियों को मामले की जानकारी दी, लेकिन समस्या को गंभीरता से लेने के बजाय उसके साथ बदतमीजी की गई।

फ्रोजन मोमोज की बास्केट में भी कीड़े मिलने का दावा

ग्राहक ने सिर्फ तैयार मोमोज पर ही सवाल नहीं उठाए हैं। उसका दावा है कि रेस्टोरेंट में रखी फ्रोजन मोमोज की बास्केट में भी इल्लियां दिखाई दीं।अब सवाल यह है कि अगर खाद्य सामग्री को फ्रोजन अवस्था में भी सही तरीके से स्टोर नहीं किया जा रहा था, तो ग्राहकों को परोसे जाने वाले खाने की गुणवत्ता की निगरानी आखिर कौन कर रहा था?

खाद्य विभाग तक पहुंची शिकायत

ग्राहक ने कथित गड़बड़ी की फोटो और वीडियो के साथ खाद्य विभाग में शिकायत की है। शिकायत के बाद खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर रेस्टोरेंट की जांच करेगी।टीम यह भी देखेगी कि रेस्टोरेंट में खाद्य सामग्री किस स्थिति में रखी जा रही है और साफ-सफाई के मानकों का पालन हो रहा है या नहीं।

मोमोज कहां से आए? सप्लायर तक पहुंचेगा विभाग

जांच के दौरान खाद्य विभाग की टीम यह भी पड़ताल करेगी कि रेस्टोरेंट में इस्तेमाल होने वाले मोमोज कहां से सप्लाई होते हैं।खाद्य सामग्री के सैंपल लिए जाएंगे और उन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा। इसके अलावा स्टोरेज व्यवस्था और खाद्य पदार्थों की स्थिति भी जांच के दायरे में रहेगी।

ग्राहक की थाली में ‘कीड़े’ या सिर्फ आरोप? जांच खोलेगी पूरा सच

फिलहाल इल्लियां मिलने के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन शिकायत के साथ सामने आए फोटो-वीडियो ने सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।अगर जांच में मोमोज में इल्लियां या खाद्य सामग्री में किसी तरह की गड़बड़ी की पुष्टि होती है, तो यह ग्राहकों की सेहत के साथ खिलवाड़ का गंभीर मामला होगा। अब असली तस्वीर खाद्य विभाग की मौके की जांच और सैंपल रिपोर्ट के बाद साफ होगी। ग्राहक पैसा देकर खाना खाने पहुंचता है, प्लेट में बीमारी का खतरा लेने नहीं। अब देखना होगा कि V-R-One रेस्टोरेंट को लेकर की गई यह शिकायत महज आरोप साबित होती है या खाद्य विभाग की जांच वाकई किसी बड़ी लापरवाही का पर्दाफाश करती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m