हेमंत शर्मा, इंदौर। एमपी के इंदौर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां नौकरी का सपना दिखाकर दर्जनों आदिवासी युवतियों को कथित तौर पर जाल में फंसाने का आरोप लगा है। रतलाम के आदिवासी इलाकों से 30 से ज्यादा युवतियों को अच्छी नौकरी और मोटी कमाई का लालच देकर इंदौर के एक हॉस्टल में लाकर रखा गया।
आरोप है कि पहले उनसे कम्युनिकेशन और रजिस्ट्रेशन के नाम पर हजारों रुपये वसूले गए, फिर आयुर्वेदिक उत्पाद बेचने की नेटवर्क मार्केटिंग ट्रेनिंग दी जाने लगी। युवतियों को हॉस्टल से बाहर निकलने और परिवार से बात करने तक की इजाज़त नहीं थी। मामले का खुलासा तब हुआ जब चार युवतियां किसी तरह हॉस्टल से भागकर बिना टिकट ट्रेन से रतलाम पहुंचीं और परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद परिवार वाले इंदौर पहुंचे और पुलिस कमिश्नर से शिकायत की।
एडिशनल डीसीपी सुमित करकटे ने बताया कि शिकायत के आधार पर राजेंद्र नगर पुलिस ने ‘महाभारती इंटरप्राइजेज’ नाम की कंपनी की संचालक उर्मिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है, ताकि पता लगाया जा सके कि कहीं और युवतियां भी इस तरह निशाना तो नहीं बनाई गईं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

