० आज 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 9 जुलाई तक सक्रिय रहेगा मानसून; तापमान में गिरावट के आसार

हिसार। हरियाणा में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। सोमवार शाम से प्रदेश के 11 जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ इलाकों में उमस और भीषण गर्मी का असर बना रहा। इसी बीच हिसार के विनोद नगर निवासी 24 वर्षीय विक्की की गर्मी की चपेट में आने से मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हीट स्ट्रेस (गर्मी) बताया गया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार जींद, यमुनानगर, भिवानी, अंबाला, झज्जर समेत कई जिलों में अच्छी बारिश हुई। मंगलवार को भी प्रदेश के सात जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग और कृषि मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 9 जुलाई तक हरियाणा में मानसूनी गतिविधियां तेज बनी रहेंगी। इस दौरान अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। लगातार बारिश से अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।

प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने तथा बिजली कड़कने के समय खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है। भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की भी आशंका जताई गई है।