मुरादाबाद. उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में बुधवार रात दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर बड़ा हादसा हुआ. बरेली डिपो की एसी बस में अचानक तेज धमाका हुआ और आग लग गई. बस में करीब 41 लोग सवार थे. सभी यात्रियों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. राहत की बात है कि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. हादसा मूंढापांडे थाना क्षेत्र के दलपतपुर पुल पर रात करीब 9 बजे हुआ.

इसे भी पढ़ें- ‘दिवाली पर अयोध्या, काशी और मथुरा उड़ा देंगे’, 27 नवंबर तक अलर्ट; कचहरी की सुरक्षा बढ़ी

आनंद विहार से बरेली जा रही थी बस

बरेली डिपो की यह रोडवेज बस दिल्ली के आनंद विहार से करीब 41 यात्रियों को लेकर बरेली जा रही थी. बस में 39 यात्री और चालक-परिचालक सवार थे. दलपतपुर पुल पर चढ़ते समय यात्रियों ने पीछे की ओर धुआं उठता देखा. उन्होंने इसकी जानकारी परिचालक को दी. इसके बाद बस रोक दी गई.

एसी में फॉल्ट के बाद हुआ धमाका

बस चालक वसीम के मुताबिक, पहले एसी वाले हिस्से में खराबी आई. इसके बाद तेज धमाका हुआ और आग लग गई. परिचालक चंद्रपाल सिंह ने बस में रखे फायर एक्सटिंग्विशर से आग बुझाने की कोशिश की. लेकिन लपटें तेजी से फैलने लगीं. उन्होंने सभी यात्रियों को तुरंत बस से उतरने के लिए कहा.

खिड़कियों से कूदकर बाहर निकले यात्री

आग और धुआं देखकर बस में अफरा-तफरी मच गई. यात्री जल्दी-जल्दी बस से बाहर निकलने लगे. कुछ लोगों ने खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाई. सभी यात्री सुरक्षित बाहर आ गए. चालक और राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया.

इसे भी पढ़ें- मायावती की आज लखनऊ में बड़ी बैठक, यूपी चुनाव की तैयारियों का लेंगी जायजा; बड़े ऐलान के संकेत

डेढ़ घंटे में आग पर पाया काबू

परिचालक का आरोप है कि सूचना देने के करीब एक घंटे बाद तक फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर नहीं पहुंची. इसके बाद पुलिस की मदद से आग बुझाने की कोशिश की गई. करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. आग लगने की शुरुआती वजह एसी में हुआ ब्लास्ट बताई जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.