लखनऊ. उत्तर प्रदेश में दिवाली से पहले अयोध्या, वाराणसी और मथुरा में बम धमाकों की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं. बुधवार (4 नवंबर) दोपहर 12:25 बजे अयोध्या कोर्ट की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर धमकी भरा मेल आया. यह मेल स्लेटर जॉन्सन नाम से भेजा गया है. इसमें 8 नवंबर से 27 नवंबर तक धमाकों की बात कही गई है.
इसे भी पढ़ें- 12 साल में कितने घुसपैठिये बाहर किए? अमित शाह से संजय सिंह ने मांगा जवाब, चुनाव आयोग पर उठाए सवाल
मेल में खालिस्तान समर्थक नारे और धमकी
ई-मेल में लिखा गया है कि 8 नवंबर को काली दिवाली होगी. इसमें अयोध्या, वाराणसी और मथुरा को निशाना बनाने की धमकी दी गई है. मेल में खालिस्तान समर्थक नारे भी लिखे गए हैं. इसके अलावा वाराणसी के स्कूलों को बम से उड़ाने और मथुरा के धार्मिक स्थलों पर हमले की धमकी दी गई है. बच्चों को सुरक्षित रखने की बात भी कही गई है.
CJM ने SSP से मांगी कचहरी की सुरक्षा
धमकी को गंभीरता से लेते हुए अयोध्या के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) पीयूष त्रिपाठी ने SSP को पत्र लिखा है. उन्होंने कचहरी की सुरक्षा तत्काल मजबूत करने की मांग की है. पत्र में 8 से 27 नवंबर तक विशेष सतर्कता बरतने और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया है.
प्रवेश द्वारों पर सख्त जांच, बम निरोधक दस्ता अलर्ट
धमकी मिलने के बाद अयोध्या नगर कोतवाली और कैंट पुलिस की टीमें कचहरी पहुंचीं. सभी प्रवेश द्वारों पर जांच की गई. परिसर में भी तलाशी ली गई. पुलिस ने मेटल डिटेक्टर और दूसरे सुरक्षा उपकरणों की जांच की. बिना तलाशी किसी को भी परिसर में प्रवेश नहीं देने के निर्देश दिए गए हैं. बम निरोधक और श्वान दस्ते से भी जांच कराने की मांग की गई है.
इसे भी पढ़ें- UP में मौसम का बदला मिजाज, 10 शहरों में कोहरा; नोएडा का AQI 405 पहुंचा
ई-मेल भेजने वाले की पहचान में जुटी पुलिस
CJM ने CCTV कैमरों से निगरानी बढ़ाने और संदिग्ध लोगों व वस्तुओं की जांच करने को कहा है. ई-मेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान करने की कार्रवाई भी चल रही है. सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी के मुताबिक, गुरुवार को कचहरी की सुरक्षा और कड़ी की जाएगी. तकनीकी माध्यमों से निगरानी बढ़ाई जा रही है. पुलिस धमकी की जांच कर रही है.

