मुरादाबाद. यूपी के मुरादाबद में शनिवार को लगातार हो रही बारिश के बीच एक बड़ा हादसा हुआ है. सड़क किनारे बनी चार मंजिला जर्जर इमारत अचानक भरभराकर ढह गई. इमारत के गिरते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. जोरदार धमाके जैसी आवाज के साथ पूरी सड़क पर धूल का गुबार छा गया.
इसे भी पढ़ें- UP Weather: 24 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी, कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात, जानिए आज कहां-कहां जमकर बरस सकते हैं बदरा
बिजली के पोल टूटे, हाईटेंशन तारों से निकलीं चिंगारियां
इमारत के मलबे की चपेट में आने से आसपास लगे बिजली के पोल भी टूट गए. हाईटेंशन तार जमीन पर गिरने से उनमें चिंगारियां निकलने लगीं. घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई. गनीमत रही कि इमारत गिरने के समय इसकी चपेट में कोई व्यक्ति नहीं आया.
सांसद रुचि वीरा ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुरादाबाद सांसद रुचि वीरा मौके पर पहुंचीं. उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और पीड़ित परिवार से मुलाकात की. सांसद ने परिवार को सरकार की ओर से हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिया. उन्होंने हादसे को बेहद दुखद बताया.
इसे भी पढ़ें- यूपी में दिसंबर से जनगणनाः घर आए मेहमान भी गिने जाएंगे, दस्तावेज नहीं दिखाने होंगे
सोशल मीडिया की अफवाहों से बचने की अपील
बताया गया है कि इमारत अपने आप गिरी है और हादसे में किसी की जान को नुकसान नहीं हुआ है. घटना के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं और अफवाहें फैलने लगीं. लोगों से अपील की गई है कि बिना पुष्टि किसी भी सूचना पर भरोसा न करें और अफवाहों से बचें. लगातार बारिश के बीच जर्जर इमारतों को लेकर भी स्थानीय स्तर पर सतर्कता की जरूरत बढ़ गई है.



