लखनऊ. उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग ने प्रदेश के 24 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. अगले पांच दिनों तक कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. वहीं, गंगा-यमुना समेत 10 से अधिक नदियों के ऊफान पर होने से कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं.
पश्चिमी यूपी में भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटे मध्य प्रदेश के उत्तर-मध्य हिस्से के आसपास कम दबाव का क्षेत्र अर्द्ध-स्थिर रह सकता है. इसके प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तरी हरियाणा के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है.
इसे भी पढ़ें- आखिर अमेठी में बृजभूषण शरण सिंह ने क्यों दिया ‘स्वजाति एकजुटता’ का नारा? जानिए क्या है पर्दे के पीछे का प्लान
6 से 8 सितंबर तक पूर्वी यूपी में बढ़ेगा बारिश का जोर
मौसम प्रणाली के आगे बढ़ने और दिशा बदलने के कारण 6 से 8 सितंबर के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है. उन्नाव, महोबा, ललितपुर, कानपुर और मिर्जापुर समेत कई जिलों में बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर से पहले ही हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं. कई जगह सड़कों और घरों तक पानी पहुंच गया है.
सितंबर के दूसरे सप्ताह में बारिश कुछ घट सकती है
मौसम विभाग के अनुसार मौजूदा सिस्टम का प्रभाव धीरे-धीरे कम होने के बाद सितंबर के दूसरे सप्ताह की शुरुआत में प्रदेश में बारिश की गतिविधियां घट सकती हैं. हालांकि स्थानीय स्तर पर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. प्रशासन बाढ़ प्रभावित इलाकों पर नजर बनाए हुए है और लोगों से जलभराव तथा तेज बहाव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की जा रही है.
इसे भी पढ़ें- कट्टा युग से कंप्यूटर युग तक! मंत्री एके शर्मा बोले- ‘तमंचे का खौफ नहीं, टेक्नोलॉजी की ताकत बनेगा मऊ’
कहां-कहां भारी बारिश के आसार
हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, मथुरा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं और आसपास के इलाकों में भारी बारिश की संभावना है.



