मुरादाबाद. रक्षाबंधन के दिन मायके से लौट रहे एक परिवार के लिए मुरादाबाद में गागन नदी का लकड़ी का पुल काल बन गया. मझोला थाना क्षेत्र के मलकपुर स्थित चट्ठा में शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे पुल की लकड़ियां टूटने से बाइक सवार परिवार के पांच लोग नदी में जा गिरे. हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि उसका एक बच्चा लापता हो गया. हालांकि, बाद में करीब 20 घंटे चले सर्च ऑपरेशन के बाद बच्चे का शव भी बरामद कर लिया गया.

इसे भी पढ़ें- अखिलेश जी, कम से कम बहनों का मन और… मंत्री ओपी राजभर का सपा सुप्रीमो पर हमला, जानिए क्यों कही राखी घोटाले की बात?

पुल की लकड़ियां टूटीं, नदी में गिरी बाइक

छजलैट के महमूदपुर निवासी अनिल जाटव (45) रक्षाबंधन पर पत्नी किरन (42), बेटों केशव (7), प्रियांशु (3) और बेटी काफिया (5) के साथ कुंदरकी के नानपुर गांव स्थित ससुराल गए थे. राखी बांधने के बाद परिवार बाइक से घर लौट रहा था. मलकपुर स्थित लकड़ी के चट्ठा पुल पर पहुंचते ही अचानक पुल की तीन लकड़ियां टूट गईं. इससे बाइक अनियंत्रित हो गई और परिवार समेत गागन नदी में जा गिरी. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.

ग्रामीणों ने पति और दो बच्चों को बचाया

आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े और नदी में उतरकर रेस्क्यू शुरू किया. तेज बहाव के बीच ग्रामीणों ने अनिल, उनके बेटे केशव और बेटी काफिया को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. वहीं किरन और उनका तीन वर्षीय बेटा प्रियांशु नदी के तेज बहाव में बह गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से मां-बेटे की तलाश शुरू कराई गई.

दो घंटे बाद मिला महिला का शव

अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा. गोताखोरों ने टॉर्च की रोशनी में नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया. करीब दो घंटे की तलाश के बाद किरन का शव बरामद कर लिया गया. उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. वहीं प्रियांशु की तलाश रातभर जारी रही.

इसे भी पढ़ें- सपा ने अपने विचारधारा के मुखिया को… JPNIC पर CM योगी का सपा पर हमला, डिंपल और अखिलेश यादव को लेकर कह दी बड़ी बात

करीब 20 घंटे बाद बच्चे का शव बरामद

शनिवार सुबह पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की मदद से दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया. करीब 20 घंटे बाद बच्चे का शव भी बरामद कर लिया गया. हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही. परिजनों और ग्रामीणों ने लकड़ी के अस्थायी पुल की स्थिति को लेकर चिंता जताई है.