कर्ण मिश्रा, मुरैना/ग्वालियर। एमपी के मुरैना जिला अस्पताल से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां एक स्टाफ नर्स और मरीज के अटेंडर के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि नर्स पर बोतल फेंकने और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप लगे हैं। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, मामला मुरैना जिला अस्पताल के मेडिकल वार्ड का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, वार्ड में भर्ती एक मरीज की ड्रिप की बोतल खत्म हो गई थी। परिजन नई बोतल लगाने के लिए नर्सिंग स्टाफ से बार-बार गुहार लगा रहे थे। आरोप है कि काफी देर तक कोई नर्स मरीज के पास नहीं पहुंची। इसी बात से नाराज होकर मरीज के परिजनों ने अस्पताल की व्यवस्था और नर्सिंग स्टाफ का वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
ये भी पढ़ें: ग्वालियर में नीट री-एग्जाम को लेकर अलर्ट: कड़ी सुरक्षा के बीच होंगे एग्जाम, कलेक्टर ने समीक्षा कर दिए ये निर्देश
मरीज के साथ भी अभद्र व्यवहार का आरोप
वीडियो बनता देख एक स्टाफ नर्स भड़क गई। वायरल वीडियो में नर्स वीडियो बना रहे व्यक्ति के मोबाइल की ओर झपटती दिखाई दे रही है। आरोप है कि इसी दौरान नर्स ने मरीज के अटेंडर की तरफ बोतल फेंककर मार दी। वीडियो में नर्स और अटेंडर के बीच तीखी बहस भी साफ दिखाई दे रही है। परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान नर्स ने मरीज के साथ भी अभद्र व्यवहार किया और थप्पड़ तक मार दिया।
ये भी पढ़ें: मौत के फंदे से जिंदगी की वापसी: पति से विवाद के पत्नी ने की सुसाइड की कोशिश, पुलिस ने ऐसे बचाई जान
वहीं वायरल वीडियो में नर्स यह कहते हुए सुनाई दे रही है कि अगर इलाज से परेशानी है तो सरकारी अस्पताल की जगह प्राइवेट अस्पताल में जाकर इलाज कराओ। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों के साथ होने वाले व्यवहार को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वहीं कई लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

