अजयारविंद नामदेव, शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में एक महिला आत्महत्या करने जा रही थी, लेकिन समय रहते पुलिस की टीम ने तत्परता और सूझबूझ से उसकी जान बचा ली। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है। जिसकी क्षेत्र में काफी चर्चा हो रही है। यह पूरा मामला धनपुरी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक, जिले के धनपुरी क्षेत्र के कुदरा टोला निवासी रज्जू और उसकी पत्नी चरकी के बीच खाना बनाने की बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि नाराज होकर महिला ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। परिजनों के काफी समझाइश देने के बावजूद जब महिला ने दरवाजा नहीं खोला तो मामले की सूचना तत्काल धनपुरी पुलिस को दी गई।
ये भी पढ़ें: अनोखा प्रदर्शन: जन चौपाल में ग्रामीणों ने रोका सांसद-विधायक का काफिला, इधर कुत्ते के गले में बांधा ज्ञापन
सूचना मिलते ही धनपुरी थाने में पदस्थ आरक्षक प्रिंस अग्रवाल और कोमल लोधी मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए कमरे का दरवाजा खुलवाया और अंदर पहुंचकर फांसी के फंदे पर झूल रही महिला को नीचे उतारा। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण महिला की सांसें चलती रहीं और उसकी जान बच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि पुलिस कुछ मिनट और देर से पहुंचती तो महिला की मौत हो सकती थी। घटना के बाद महिला को आवश्यक उपचार और परामर्श उपलब्ध कराया गया।
ये भी पढ़ें: मुख्यमंत्री की जीरो टॉलरेंस नीति का बड़ा असर: सोम डिस्टिलरीज का लाइसेंस नवीनीकरण आवेदन निरस्त
वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पति रज्जू के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। महिला की जान बचाने का लाइव वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में धनपुरी पुलिस की सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों ने आरक्षक प्रिंस अग्रवाल और कोमल लोधी की बहादुरी, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा की जमकर प्रशंसा की है। पुलिस के इस मानवीय और साहसिक कार्य ने एक परिवार को बिखरने से बचा लिया और यह साबित कर दिया कि समय पर की गई कार्रवाई किसी की जिंदगी बचा सकती है।

