संजय पाटीदार, भोपाल । मध्यप्रदेश में आज राजनीतिक, विकास और प्रशासनिक स्तर पर कई बड़ी गतिविधियां होने जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज नीमच के दौरे पर रहेंगे, जहां वे करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे। वहीं प्रदेश में परिवहन और न्याय क्षेत्र से भी बड़ी खबरें आ रही हैं। आइए नजर डालते हैं आज सुबह की सुर्खियों पर:

सीएम मोहन यादव का नीमच दौरा, 3949 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज नीमच जिले के दौरे पर रहेंगे। वे दोपहर 12:15 बजे भोपाल से नीमच के लिए रवाना होंगे। इस दौरान वे केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे और जिले को करोड़ों की सौगात देंगे।

सीएम कुल 162 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे, जिनकी कुल लागत 3,949 करोड़ रुपये से अधिक है। 1686.54 करोड़ की लागत वाले 64 विकास कार्यों का शिलान्यास भी करेंगे। इसके अलावा अन्य 2263.3 करोड़ की लागत वाले 98 कार्यों का लोकार्पण करेंगे। वहीं मुख्यमंत्री यादव सिंगोली एवं शाजापुर के सोलर पार्क का लोकार्पण करेंगे। दोपहर 3:20 बजे वे नीमच सोलर पार्क का एरियल सर्वे भी करेंगे।

CM मोहन के आज के अन्य कार्यक्रम

शाम 4:10 बजे रामपुरा में ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के तहत निर्मित अमृत सरोवर का निरीक्षण करेंगे और शाम 4:40 बजे ग्रीनको साइट का विजिट करेंगे। इसके बाद शाम 6:50 बजे भोपाल के जहानुमा पैलेस में आयोजित पीपीए (PPA) हस्ताक्षर कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके साथ ही सीएम विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को सिंगल क्लिक के माध्यम से राशि भी ट्रांसफर करेंगे।

जुलाई से मध्य प्रदेश के 3 बड़े शहरों में दौड़ेंगी ‘पीएम-ई बस सेवा’ की इलेक्ट्रिक बसें

प्रदेश के शहरी परिवहन को प्रदूषण मुक्त और आधुनिक बनाने के लिए अगले महीने से बड़ा बदलाव होने जा रहा है। जुलाई से मध्य प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों में ‘पीएम-ई बस सेवा’ के तहत इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू हो जाएगा।

इंदौर, भोपाल और जबलपुर में पहले चरण के तहत 350 आधुनिक एसी ई-बसों को सड़कों पर उतारा जाएगा। योजना के तहत प्रदेश के छह शहरों में कुल 582 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जानी हैं। ये नई बसें 25 सीटों की क्षमता, ऑटोमैटिक दरवाजे और सुरक्षा के लिहाज से 7 सीसीटीवी (CCTV) कैमरों से लैस होंगी।

इन बसों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए ‘चलो’ ऐप के माध्यम से डिजिटल टिकटिंग की सुविधा मिलेगी। इस पूरे प्रोजेक्ट के संचालन की जिम्मेदारी ‘ग्रीन रेल मोबिलिटी’ को ग्रॉस कॉस्ट कॉन्ट्रैक्ट (GCC) मॉडल पर सौंपी गई है।

TNCP के संयुक्त संचालक नीरज आनंद लिखार के जाति प्रमाण पत्र पर हाईकोर्ट में अहम सुनवाई

टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (TNCP) के संयुक्त संचालक नीरज आनंद लिखार के जाति प्रमाण पत्र को लेकर विवादों में घिरा मामला आज कोर्ट पहुंच रहा है। इस मामले में आज जस्टिस विशाल मिश्रा की कोर्ट में एक अहम सुनवाई लिस्टेड है।

याचिका में आरोप लगाया गया है कि नीरज लिखार के भाई का जाति प्रमाण पत्र गलत पाए जाने के बाद उन्हें रिवर्ट यानि पदावनत किया जा चुका है, ऐसे में नीरज लिखार का इस पद पर बने रहना नियम विरुद्ध है। इससे पहले कोर्ट ने राज्य स्तरीय छानबीन समिति को इस पूरे मामले की जांच 90 दिनों के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए थे। आज होने वाली सुनवाई में इस मामले पर कोई बड़ा फैसला आ सकता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m