Odisha Desk, पुरी: ओडिशा की धार्मिक नगरी पुरी के कुंभारपड़ा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही बुजुर्ग मां की बेरहमी से हत्या करने के बाद उनके शव को किराए के मकान के किचन में दफना दिया और सबूत मिटाने के लिए ऊपर से ईंट-सीमेंट का प्लास्टर कर दिया। घटना का खुलासा तब हुआ जब बंद कमरे और रसोई के अंदर से तेज दुर्गंध आने लगी। पुलिस ने रसोई का फर्श और स्लैब तोड़कर महिला का सड़ा-गला शव बरामद किया है।

एक रिपोर्ट के अनुसार, गजपति जिले के पारलाखेमुंडी निवासी आरोपी मदन दलाई अपनी मां के साथ पिछले दो महीनों से कुंभारपड़ा इलाके में मनोरमा साहू नामक महिला के मकान में किराए पर रह रहा था। पिछले कुछ दिनों से महिला नजर नहीं आ रही थी और रविवार से उसका बेटा मदन भी अचानक गायब हो गया था।

सोमवार शाम को बंद कमरे के किचन से अचानक असहनीय दुर्गंध आने लगी और फर्श के नीचे से दूषित पानी बहकर बाहर निकलने लगा। किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए मकान मालिक और स्थानीय लोगों ने तुरंत कुंभारपड़ा थाना पुलिस को सूचना दी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की टीम, मैजिस्ट्रेट और फॉरेंसिक (वैज्ञानिक) विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंची। जब किचन की जांच की गई, तो वहां हाल ही में बनाया गया एक पक्का स्लैब दिखाई दिया। पुलिस ने जब उस सीमेंटेड स्लैब को तोड़ा और नीचे की खुदाई की, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारियों के भी होश उड़ गए।

अंदर बर्तन, ईंटों और प्लास्टिक के नीचे दबा हुआ महिला का लगभग 4 से 5 दिन पुराना सड़ा-गला शव बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल किया गया एक धारदार चाकू भी जब्त किया है।

आज तक और स्थानीय पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने मां की हत्या करने के बाद शव को छिपाने और बदबू को रोकने के लिए किचन में ही गड्ढा बनाकर शव रखा और ऊपर से सीमेंट की प्लास्टर करवा दी ताकि किसी को शक न हो।

घटना के बाद से ही आरोपी मदन दलाई का मोबाइल फोन स्विच ऑफ आ रहा है और वह फरार है। पुरी के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। इस निर्मम हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m