सोहराब आलम, मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिला मुख्यालय मोतिहारी छतौनी थाना क्षेत्र के पुराना रहमानिया हॉस्पिटल के पास कांवरियों (डाक बम) की सेवा देख रहे एक युवक की अज्ञात अपराधियों ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी। इस दुस्साहसिक वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

मृतक का फोटो
परीक्षा देने मोतिहारी आया था मृतक राजन कुमार
मृतक की पहचान छतौनी थाना क्षेत्र के बड़ा बरियारपुर वार्ड नंबर 45 निवासी विजय साहनी के 18 वर्षीय पुत्र राजन कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, राजन के पिता विजय साहनी अपने पूरे परिवार के साथ दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। वहीं, राजन करीब 10 दिन पहले ही अपनी परीक्षा देने के सिलसिले में मोतिहारी आया हुआ था।


कैसे हुई घटना?
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, राजन कुमार सोमवार को पुराना रहमानिया हॉस्पिटल के पास कांवरियों (डाक बम) की सेवा देखने के लिए गया हुआ था। इसी दौरान कुछ अज्ञात युवकों ने उसे रास्ते से जबरन खींच लिया और उसके सीने पर ताबड़तोड़ कई चाकू से वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल होने के कारण राजन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तुरंत मौके पर पुलिस बल को भेजा गया।
पुलिस की कार्रवाई और बयान
छतौनी थाना अध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अमित कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुराना रहमानिया के समीप राजन नाम के युवक की चाकू मारकर हत्या किए जाने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी की पहचान कर ली है और इस मामले में एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार भी कर लिया गया है। पुलिस की विशेष टीम अन्य संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक के चाचा कैलाश चौधरी ने बताया कि उनका भतीजा सिर्फ डाक बम की सेवा देखने गया था, लेकिन असामाजिक तत्वों ने रंजिश या आपसी विवाद के चलते उसकी सीने में चाकू घोंपकर बेरहमी से जान ले ली। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल, पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मोतिहारी भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


