सोहराब आलम/मोतिहारी (कोटवा): बिहार के मोतिहारी जिला अंतर्गत कोटवा थाना क्षेत्र में एक छात्र की जघन्य हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के मुख्य आरोपियों में से एक, सोनू यादव को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक, आरोपी के जूते और खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं।
क्या है पूरा मामला?
मृतक की पहचान रितेश यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, रितेश की हत्या किसी पेशेवर अपराधी ने नहीं, बल्कि उसके ही परिचित सरोज यादव, सोनू यादव और उनके अन्य सहयोगियों ने मिलकर की है। आरोप है कि हमलावरों ने रितेश पर चाकू से ताबड़तोड़ 15 वार किए, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। इस बर्बरता ने न केवल इलाके में सनसनी फैला दी, बल्कि पुलिस प्रशासन के लिए भी बड़ी चुनौती खड़ी कर दी थी।
हत्या के पीछे की वजह: प्रेम प्रसंग और प्रतिशोध
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि हत्या की जड़ में प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश थी। मुख्य आरोपी सरोज यादव और मृतक रितेश यादव सोशल मीडिया के लिए साथ में वीडियो बनाया करते थे। इसी दौरान सरोज यादव का रितेश की बहन के साथ प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। जब रितेश को इस बात की भनक लगी, तो उसने सरोज की जमकर पिटाई कर दी थी।
पिछले वर्ष हुए इस विवाद के बाद से ही सरोज यादव बदले की आग में जल रहा था। अपनी पिटाई और अपमान का बदला लेने के लिए उसने सुनियोजित तरीके से रितेश को रास्ते से हटाने की साजिश रची और अपने साथियों के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस की कार्रवाई और एसडीपीओ का बयान
सदर एसडीपीओ-2 जितेश पांडे ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि पुलिस ने इस अंधे कत्ल का सफल उद्वेदन (खुलासा) कर लिया है। उन्होंने जानकारी दी कि इस हत्याकांड में कुल 6 लोग शामिल थे। पुलिस ने छापेमारी कर सोनू यादव को दबोच लिया है, जबकि मुख्य साजिशकर्ता सरोज यादव और अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

