सोहराब आलम/मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां कोटवा प्रखंड में तैनात श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी (LEO) पर एक छात्रा ने शादी का झांसा देकर तीन वर्षों तक शारीरिक शोषण करने और दो बार गर्भपात कराने का संगीन आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

​सोशल मीडिया से शुरू हुई थी जान-पहचान

​पीड़िता के अनुसार, वह राजधानी पटना में रहकर पढ़ाई करती है। वर्ष 2023 में सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी मुलाकात कोटवा प्रखंड के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी से हुई थी। आरोपी अधिकारी मूल रूप से पश्चिमी चंपारण का निवासी बताया जा रहा है। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और आरोपी ने छात्रा को शादी का झांसा देकर अपने विश्वास में ले लिया।

​होटल में बनाया संबंध, दो बार कराया गर्भपात

​प्राथमिकी में छात्रा ने आरोप लगाया है कि अधिकारी ने उसे शादी का सपना दिखाकर कई बार होटल और अन्य स्थानों पर शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान छात्रा जब पहली बार गर्भवती हुई, तो आरोपी ने उसे धोखे से दवा खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी पिछले तीन वर्षों से उसका लगातार शोषण कर रहा था।

​बंधक बनाकर जान से मारने की धमकी

​मामले ने तब तूल पकड़ा जब छात्रा दूसरी बार गर्भवती हो गई। पीड़िता का आरोप है कि इस बार जब उसने शादी का दबाव बनाया, तो अधिकारी ने उसे डेरे (आवास) में बंद कर दिया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह इस कैद से निकलकर पीड़िता ने न्याय की गुहार लगाई।

​पुलिस की कार्रवाई और ‘मैनेज’ करने की कोशिश

​छात्रा के महिला थाने पहुंचते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। सूत्रों के अनुसार, पूरे दिन अधिकारी के शुभचिंतक मामले को रफा-दफा करने और ‘मैनेज’ करने के लिए थाने के चक्कर काटते रहे। हालांकि, पुलिस अधीक्षक (SP) के संज्ञान में मामला आने के बाद त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जिसके बाद महिला पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच तेज कर दी है। फिलहाल आरोपी अधिकारी की चर्चा पूरे जिले में जोरों पर है।