सोहराब आलम, मोतिहारी। जिले के पताही थाना क्षेत्र के गोनाही गांव से रिश्तों के कत्ल और विश्वासघात से भरी एक घटना सामने आई है। दरअसल यहां पर एक युवक लड्डू कुमार ने अपने ही सगे चचेरे भाई की साली को प्रेम जाल में फंसाकर कथित तौर पर शादी रचाने के बाद बेसहारा छोड़ दिया। पीड़िता अपने हक को पाने के लिए आरोपी के दरवाजे पर बैठी हुई है।

2 साल से चल रहा था प्रेम-प्रसंग

घटना की जानकारी होने के बाद आरोपी युवक के दरवाजे पर स्थानीय महिलाओं और ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। महिलाएं पीड़िता के समर्थन में उतर आई हैं। मिली जानकारी के अनुसार युवती और लड्डू कुमार के बीच पिछले दो वर्षों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। चचेरे भाई की साली होने के कारण युवक का युवती के घर आना-जाना था।

मंदिर में विधि-विधान से किया शादी

युवती का आरोप है कि युवक ने उससे शादी का झांसा देकर गुजरात के सूरत बुलाया और वहां एक मंदिर में विधि-विधान से विवाह का नाटक किया। युवती का कहना है कि शादी के बाद युवक उसे साथ रहने का भरोसा देकर मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन लाया। वहां उसने बड़ी चतुराई से युवती का मोबाइल छीन लिया, ताकि वह अपने किसी परिजन से मदद नहीं मांग सके। युवक ने उसे एक टैंपू पर बिठाकर अपने गांव गोनाही भेज दिया और खुद मौके से फरार हो गया।

युवक के माता-पिता ने घर से बाहर निकाला

जब युवती बदहवास हालत में ससुराल पहुंची, तो युवक के माता-पिता ने उसे घर से बाहर निकाल दिया। दस्तावेजों के अनुसार, पीड़िता अभी नाबालिग है। एक अनाथ और नाबालिग बच्ची के साथ हुए इस अन्याय को लेकर ग्रामीणों में भारी गुस्सा है। गांव की महिलाएं युवती के पक्ष में खड़ी है। स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद हैं। वहीं, जब आरोपी युवक से संपर्क साधन के लिए फोन मिलाया गया तो, उसका मोबाइल बंद मिला। फिलहाल वह पुलिस की पकड़ से भी बाहर है। उसकी तलाश जारी है।

ये भी पढ़ें- ‘पटना में अधिकारियों और नेताओं परोसी जा रही हैं लड़कियां’, पप्पू यादव का सनसनीखेज आरोप